Advertisement

Agra News: इटली से आए जोड़े ने लिया फैसला, भारत में किया विवाह, नहीं हुआ केवल मंत्रों का उच्चार... बल्कि हुआ अनुवाद भी

आगरा में इटली से आए एक जोड़ा भारतीय संस्कृति से विवाह के बंधन में बंधा. खास बात रही कि उनके विवाह में जिन मंत्रों को पढ़ा गया, उनके लिए उनका अनुवाद भी हिंदी और अंग्रेजी में किया गया.

विदेशी जोड़े ने भारतीय संस्कृति में किया विवाह
अरविंद शर्मा
  • आगरा,
  • 04 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:12 AM IST

मोहब्बत की नगरी आगरा में प्यार की निशानी इन दिनों एक ऐसी शादी चर्चा का केंद्र बन गई है, जिसने हर किसी का दिल जीत लिया है. सात समंदर पार इटली से भारत घूमने आए एक प्रेमी जोड़े ने भारतीय संस्कृति से प्रभावित होकर अपनी जिंदगी का नया सफर शुरू किया है, जिसके बारे में जानकर आप भी हैरान रह जाएंगे.

सनातन संस्कृति ने जीता दिल

​इटली के लिगुरिया के रहने वाले मैटियो और कैटरीना लंबे समय से रिलेशनशिप में हैं और इन दिनों भारत की यात्रा पर आए. भारत आने से पहले वे हरिद्वार में गंगा स्नान और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके हैं. यहां की सनातन संस्कृति और परंपराओं ने उनके मन पर ऐसी छाप छोड़ी कि उन्होंने भारत में ही हमेशा के लिए एक-दूसरे का होने का फैसला कर लिया.

ताजमहल बना वेडिंग डेस्टिनेशन

इस जोड़े ने कई बार शादी की योजना बनाई थी, लेकिन किसी न किसी वजह से बात टलती रही. आखिरकार इस बार उन्होंने ताजमहल के शहर आगरा को अपनी शादी के लिए चुना. पंडित प्रवीण दत्त शर्मा ने मंगलवार शाम 7:00 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ इस विदेशी जोड़े का विवाह संपन्न कराया.

​इस अनोखी शादी की तस्वीरें भी बेहद खास रहीं, जहाँ दूल्हे राजा मैटियो पारंपरिक धोती-कुर्ते में नजर आए और दुल्हन कैटरीना लाल जोड़े में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. अग्नि के सामने सात फेरे लेने के साथ दोनों ने सिंदूरदान और मंगलसूत्र की रस्म शिद्दत के साथ निभाई.

मंत्रों का हिंदी और अंग्रेजी में हुआ अनुवाद

इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि पंडित जी ने हर एक मंत्र का अर्थ हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में समझाया, ताकि यह विदेशी जोड़ा भारतीय विवाह परंपराओं की गहराई को करीब से समझ सके. दोनों ने पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ हर रस्म में हिस्सा लिया. 

शादी के बाद मैटियो और कैटरीना ने कहा कि ताजमहल प्यार की सबसे बड़ी निशानी है और ऐसे ऐतिहासिक शहर में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी करना उनके जीवन का सबसे खास अनुभव है. फिलहाल आगरा में इस विदेशी जोड़े की यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement