Advertisement

Ahmedabad News: गरबा पंडाल में रोमियो के लिए पुलिस मौजूद, चनियाचोली पहने दिखी महिला पुलिस, महिलाओं-बुजुर्गों की देर रात हो रही सुरक्षा

अहमदाबाद में चनियाचोली पहनकर गरबा पंडालों में महिला पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए मौजूद है. शहर में देर रात तक बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस पंडालों से लेकर सड़क तक मौजूद रहती है.

महिला पुलिसकर्मी
अतुल तिवारी
  • अहमदाबाद,
  • 17 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:22 PM IST

अहमदाबाद में नवरात्रि को लेकर देर रात तक रास-गरबा का आयोजन हो रहा है. ऐसे में रात्रि के दौरान गरबा पंडालों में महिला, बच्चे और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए अहमदाबाद पुलिस की “She” टीम की तैनाती देखने को मिल रही है. पूरे शहर में 55 से अधिक शी टीम के पुलिसकर्मी विभिन्न पार्टी प्लॉट, क्लब, सोसायटियों में गरबा के परिवेश में लोगो के बीच मौजूद रहकर सुरक्षा का एहसास करवा रहे है. जिससे नवरात्रि के दौरान देर रात तक शहरीजन खुलकर इस पवित्र त्यौहार को मना सकें.

नवरात्रि शुरू होने से पहले ही पुलिस थी तैयार

दरअसल, नवरात्रि शुरू होने के पहले ही अहमदाबाद शहर पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने मीटिंग करके नवरात्रि के दौरान बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के आदेश दिए थे. जिसकी जिम्मेदारी महिला पुलिस को सौंपी गई थी. जिसके लिए शहर के प्रत्येक पुलिस स्टेशन से एक टीम के अलावा महिला सेल, क्राइम ब्रांच समेत 55 से अधिक टीम मैदान में उतारी गई. प्रत्येक टीम में 5 से 6 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया. जो की रात 8 बजे से सुबह तक पार्टी प्लॉट, क्लब और सोसायटियों में हो रहे गरबा कार्यक्रम में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ किसी प्रकार की छेड़खानी ना हो, इसे लेकर नजर बनाए है.

शहर के गरबा पंडालों में रहती है टीम

अहमदाबाद महिला क्राइम पुलिस के इंस्पेक्टर निधि कलसरिया ने बताया कि शहर के सभी थानों की एक-एक टीम शहर के गरबा पंडालों में मौजूद रहती हैं. जिसमें शहर के पार्टी प्लॉट, क्लब, सोसायटी शामिल है. इससे पहले हमने विभिन्न यूनिवर्सिटियों, सोसायटियों में भी महिलाओं, बच्चों के साथ उनकी सुरक्षा के संदर्भ में कई कार्यक्रम किए थे. उन्हें खुदको सुरक्षित रखने और कभी भी सुरक्षा को लेकर कहीं कोई शंका महसूस जो तो महिला पुलिस का कैसे संपर्क किया जाए उस बारें में जानकारी दी गई थी.

पंडालों में चनियाचोली पहने महिला पुलिस

इंस्पेक्टर निधि कलसरिया वही पुलिस इंस्पेक्टर है जो सोशल मीडिया में खूब वायरल हो रही है. इंस्पेक्टर निधि कलसरिया जब गरबा पंडाल में पहुंचती है तो खाकी में नहीं बल्कि चनियाचोली में एक खेलैया के तौर पर दिखाई पड़ती है. यानी लोगों के बीच गरबा पंडालों में पुलिस इंस्पेक्टर निधि कलसरिया की मौजूदगी इस तरह से है की किसी को कोई एहसास तक नहीं हो सकता की उनके आसपास कोई पुलिसकर्मी या इंस्पेक्टर गरबा खेलकर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है. 

जब तक गरबा बंद नहीं, पुलिस ऑन ड्यूटी

इंस्पेक्टर निधि कलसरिया कहती है कि नवरात्रि के दौरान पुलिस के कपड़ो में देखकर आमतौर पर हर कोई अच्छे से बर्ताव दिखाता है, लेकिन महिला पुलिसकर्मी चनियाचोली पहनकर लोगों के बीच गरबा खेलती हैं. इस तरीके से गरबा पंडालों में लोगो पर सीधी नजर रखी जा रही है. हम गरबा पंडालों के सीसीटीवी पर नजर रखते है. सिक्योरिटी स्टाफ को सतर्क रखा जाता है. कोई रोमियोगीरी करता दिखे तो उसके खिलाफ एक्शन लिए जा रहे है. शंकास्पद तरीके से फ़ोन में वीडियो बनाने वालो के फोन की जांच करते है. जब तक गरबा बंद नहीं होता, तब तक पुलिस की टीम महिला, बच्चो और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement