Advertisement

Om Prakash Rajbhar: ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के PDA पर बोला तीखा हमला, 2027 में NDA की पूर्ण बहुमत से सरकार बनने का किया दावा

सुभासपा अध्यक्ष और यूपी के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव के PDA पर तीखा हमला बोला है. कहा कि अखिलेश अपनी सुविधा के अनुसार PDA का अर्थ बदलते रहते हैं. राजभर ने सपा-कांग्रेस पर बंजारा समाज की अनदेखी का आरोप लगाया. राजभर ने कहा कि यूपी विधानसभा चुनाव 2027 में NDA की पूर्ण बहुमत से सरकार बनेगी. 

Om Prakash Rajbhar
अकरम खान
  • अलीगढ़ ,
  • 08 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 2:16 PM IST

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अलीगढ़ में समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा. बंजारा समाज के कार्यक्रम में पहुंचे राजभर ने जहां समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य और राजनीतिक भागीदारी के प्रति जागरूक करने की बात कही, वहीं विपक्ष के प्रदर्शन, अखिलेश यादव के PDA और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भी बयान दिए.

बंजारा समाज और सरकारी योजनाएं
अलीगढ़ की छर्रा विधानसभा में बंजारा समाज के कार्यक्रम को लेकर कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने बताया कि समाज की मांग पर गांव से जिला मुख्यालय तक बस सेवा को हरी झंडी दिखाई जाएगी. राजभर ने कहा कि सिद्धार्थनगर से मुजफ्फरनगर और कानपुर देहात तक प्रदेश के करीब 50 जिलों में बंजारा समाज मौजूद है, लेकिन शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी के मामले में आज भी पीछे हैं. उन्होंने सपा, बसपा और कांग्रेस पर बंजारा समाज की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि समाज को सरकारी योजनाओं, शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना उनका उद्देश्य है.

विपक्ष के प्रदर्शन और PDA पर हमला
विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों पर राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता हताशा और निराशा में प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चुनाव हारने के बाद यही नेता जनता से कहेंगे कि उनके वोट चोरी हो गए. पेपर लीक को लेकर छात्रों के आंदोलन में राजनीति करने वालों पर भी राजभर ने निशाना साधा और कहा कि राजनीति करेंगे तो छात्र ही उनका इलाज कर देंगे.

अखिलेश यादव के PDA नारे पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि अखिलेश अपनी सुविधा के अनुसार PDA का अर्थ बदलते रहते हैं. उन्होंने कौशांबी, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, बाराबंकी और गाजियाबाद की आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए यादव और मुस्लिम समुदाय के कुछ व्यक्तियों पर गंभीर आरोप लगाए. राजभर ने इन घटनाओं को PDA से जोड़ते हुए सवाल उठाए. वहीं राज्यसभा चुनाव के संदर्भ में उन्होंने PDA की अपनी व्याख्या करते हुए P को परिवार, D को धनी राम और A को अपराधी बताया.

2027 चुनाव और मुख्यमंत्री योगी की तारीफ
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ओम प्रकाश राजभर ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में NDA पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ करते हुए राजभर ने उन्हें अब तक का सबसे मेहनती और लगातार दौड़-भाग करने वाला मुख्यमंत्री बताया. राजभर ने विपक्ष की रणनीति और विरोध प्रदर्शनों पर सवाल उठाते हुए NDA की जीत का भरोसा जताया.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement