scorecardresearch

Seva Sankalp Abhiyan Varanasi: पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन का जश्न! 500 बाइकर्स ने तय किया 20 दिनों का सफर, वाराणसी में हुआ भव्य शक्ति प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर 17 सितंबर को गुजरात के वडनगर से शुरू हुई 'सेवा संकल्प यात्रा' का वाराणसी में भव्य समापन हुआ. 500 बाइकर्स की इस यात्रा के समापन अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 50 हजार से अधिक लोगों को संबोधित किया.

Advertisement

वाराणसी के लिए आज का दिन बेहद खास रहा. बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत निकाली गई यात्रा का समापन हुआ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर 17 सितंबर को उनके जन्मस्थान गुजरात के वडनगर से यह यात्रा शुरू हुई थी. यात्रा का जुड़ाव प्रधानमंत्री की कर्मस्थली वाराणसी से भी रहा. करीब 20 दिनों के सफर में 500 बाइकर्स 250 बाइक्स पर सवार होकर काशी से वडनगर और फिर वडनगर से काशी पहुंचे. इस यात्रा का समापन वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ. कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए. उनके मंच पर पहुंचते ही जय श्री राम के उद्घोष के साथ माहौल गूंज उठा. इसके बाद वंदेमातरम के छह छंदों के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई.

50 हजार लोगों की मौजूदगी में नितिन नवीन का संबोधन
जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में जुटी करीब 50 हजार लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने सबसे पहले वडनगर से वाराणसी पहुंचे सेवा यात्रियों और राइडर्स का तालियों से स्वागत कराया. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इतिहास का निर्माता बताया. नितिन नवीन ने कहा कि बीते 25 वर्षों में गुजरात के कच्छ का भूकंप हो या जनकल्याण से जुड़े काम, पीएम मोदी ने खुद को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि आज देश का युवा देश को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है और युवा जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर बनकर आया है.

नितिन नवीन ने उठाया SIR का मुद्दा
अपने संबोधन के दौरान नितिन नवीन ने SIR का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि SIR पर सवाल उठाने वाले आप पर सवाल उठा रहे हैं. इसी दौरान उन्होंने पीएम मोदी के नारे 'We can do it' को भी दोहराया. उन्होंने युवाओं से अपील की कि सेवा संकल्प अभियान को 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य तक जारी रखा जाए. इस जनसभा को उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 से पहले बीजेपी के बड़े शक्ति प्रदर्शन के तौर पर माना जा रहा है. यह नितिन नवीन का वाराणसी का पहला दौरा था. इस कार्यक्रम के जरिए उन्होंने पूर्वांचल के साथ पूरे उत्तर प्रदेश तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की कोशिश की.

संपूर्णानंद विश्वविद्यालय से शुरू हुआ दिन
जनसभा से पहले सेवा संकल्प अभियान के तहत दिन की शुरुआत संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में हुई. यहां वडनगर से वाराणसी पहुंचे बाइकर्स यानी सेवा यात्रियों का सम्मान किया गया. इसके बाद सेवा यात्री 10 पवित्र नदियों के जल के साथ बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचे. यहां उन्होंने जलाभिषेक किया. सेवा यात्रियों के स्वागत के लिए रास्ते भर ढोल, नगाड़े और ताशे बजाए गए. कई जगहों पर पुष्प वर्षा भी की गई. इस तरह करीब 20 दिनों तक चले सेवा संकल्प अभियान का वाराणसी में समापन हुआ, जिसमें वडनगर और काशी के बीच बाइक यात्रा से जुड़े 500 सेवा यात्रियों ने हिस्सा लिया.
 

ये भी पढ़ें