राजस्थान के अलवर शहर में बदमाशों ने एटीएम उखाड़कर ले जाने की कोशिश की. बिजली घर चौराहे पर स्थित इंडियन बैंक के एटीएम को निशाना बनाकर बदमाशों ने रस्से की मदद से मशीन उखाड़ने का प्रयास किया. हालांकि, वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाए. इस दौरान बदमाशों की करतूत एटीएम रूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. घटना सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया है. बैंक मैनेजर ने मामले को लेकर कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पहले CCTV कैमरे पर किया काला स्प्रे
जानकारी के मुताबिक, घटना बीती रात की है. कार सवार बदमाश बिजली घर चौराहे पर स्थित इंडियन बैंक के एटीएम को उखाड़ने पहुंचे थे. पुलिस से बचने और अपनी पहचान छिपाने के लिए बदमाशों ने सबसे पहले एटीएम रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे किया. इसके बाद उन्होंने मशीन को उखाड़ने की कोशिश शुरू की. सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में एक युवक एटीएम रूम के अंदर आता दिखाई दे रहा है. उसने अपने मुंह पर नकाब बांध रखा था. कमरे में घुसते ही उसने वहां लगे कैमरे पर काला स्प्रे किया, ताकि उसकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें. इसके बाद बदमाशों ने एटीएम मशीन में रस्सा बांधा और उसे कार के पीछे बांधकर खींचने का प्रयास किया.
लोगों की आवाजाही के चलते सफल नहीं हुए बदमाश
बदमाशों ने कार की मदद से एटीएम मशीन को उखाड़ने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए. घटनास्थल के आसपास लोगों की आवाजाही हो रही थी. इसी दौरान मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस को देखकर बदमाश वहां से फरार हो गए. हालांकि, बदमाश एटीएम को उखाड़कर ले जाने में नाकाम रहे, लेकिन इस घटना ने बैंक प्रबंधन की चिंता बढ़ा दी है. मामले की जानकारी सामने आने के बाद बैंक मैनेजर ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपियों की तलाश शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश चंद्र ने बताया कि एटीएम उखाड़ने के प्रयास के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है. आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम लगाई गई है. पुलिस सीसीटीवी रिकॉर्डिंग के आधार पर अज्ञात बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है. साथ ही आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की तत्परता से जांच की जा रही है. फिलहाल बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं.
ये भी पढ़ें