Advertisement

अलवर में खौफनाक वारदात, घर में घुसकर महिला को बेरहमी से पीटा, सीसीटीवी में कैद हुई पड़ोसियों की दरिंदगी, वीडियो वायरल

राजस्थान के अलवर में एक साल पुराने फेंसिंग विवाद को लेकर पड़ोसियों ने एक महिला के घर में घुसकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिसके बाद महिला सड़क पर बेहोश हो गई.

बुजुर्ग महिला से मारपीट का मामला
gnttv.com
  • अलवर,
  • 12 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 12:49 PM IST

राजस्थान के अलवर शहर में एक महिला के साथ घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि पड़ोसियों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की. इस दौरान महिला के चेहरे पर घूंसे और थप्पड़ों से हमला किया गया और उसका हाथ मरोड़कर उसे सड़क पर पटक दिया गया. मारपीट के दौरान महिला बेहोश हो गई. इसके बाद आरोपी महिला को सड़क पर बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए. पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

वैशाली नगर थाना क्षेत्र की घटना
यह घटना अलवर शहर के वैशाली नगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है. यहां रहने वाली महिला नर्मदा पर उनके पड़ोसियों ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि प्लॉट के आगे के हिस्से में फेंसिंग करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था.

इसी विवाद के चलते बुधवार को तीन से चार लोग अचानक नर्मदा के घर में घुस आए. आरोपियों के साथ उनका पालतू कुत्ता भी था. घर में घुसते ही उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी.

घर से बाहर आते ही शुरू कर दी मारपीट
उस समय घर में नर्मदा और उनका नवासा निशांत मौजूद थे. शोर सुनकर जैसे ही दोनों बाहर आए, आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. गाली-गलौज करते हुए उन्होंने नर्मदा को धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया.

इसके बाद आरोपियों ने महिला को जमीन पर घसीटते हुए घर के बाहर तक ले गए और लगातार मारपीट करते रहे. इस हमले में नर्मदा गंभीर रूप से घायल हो गईं और कुछ ही देर में बेहोश हो गईं.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना
घटना के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. वायरल हो रहे वीडियो में आरोपी महिला के चेहरे पर गुस्से में थप्पड़ मारते हुए नजर आ रहे हैं. साथ ही महिला के साथ हाथापाई करते हुए भी दिखाई दे रहे हैं.

मारपीट के दौरान इलाके में हंगामा मच गया. शोर सुनकर आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने इस घटना का विरोध किया. लोगों को आते देख आरोपी वहां से फरार हो गए.

पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद नर्मदा के परिजन भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग के आधार पर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.

(रिपोर्ट- हिमांशु शर्मा)

ये भी पढ़ें 


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement