देशभर में शारदीय नवरात्रि को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं. पश्चिम बंगाल में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाओं और पंडालों की तैयारी चल रही है, तो गुजरात में गरबा-रास को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है. अब नवरात्रि का यही रंग महाराष्ट्र के अमरावती में भी नजर आने लगा है. शहर के बाजारों में गुजरात के भावनगर से खास तौर पर गरबा-रास की ट्रेडिशनल ड्रेस मंगाई गई हैं, जिन्हें खरीदने के लिए लोगों की भीड़ बाजारों में पहुंच चुकी है.
गरबा ड्रेस खरीदने में महिलाओं और युवतियों की खास दिलचस्पी
अमरावती के बाजारों में इस बार गरबा-रास की पारंपरिक पोशाकों की अलग-अलग वैरायटी देखने को मिल रही है. रंग-बिरंगे घाघरा-चोली, ट्रेडिशनल डिजाइन और आकर्षक पैटर्न महिलाओं और युवतियों को खास तौर पर पसंद आ रहे हैं. नवरात्रि शुरू होने में अभी समय है, लेकिन गरबा खेलने वाली महिलाएं और युवतियां पहले से ही अपनी पसंद की ड्रेस लेने बाजार पहुंच रही हैं. कोई पारंपरिक लुक को पसंद कर रहा है, तो कोई नए डिजाइन और ट्रेंडिंग पैटर्न तलाश रहा है. ड्रेस की वैरायटी देखकर लोगों में नवरात्रि को लेकर उत्साह भी साफ दिखाई दे रहा है.
500 से 3500 रुपये तक है गरबा ड्रेस का दाम
गरबा खेलने वाली भाविक ने बताया कि नवरात्रि और गरबा-रास का पूरे साल इंतजार रहता है. नवरात्रि अब कुछ ही दिनों में शुरू होने वाली है, इसलिए पहले से ही गरबा की ड्रेस खरीदने बाजार पहुंच रहे हैं. अलग-अलग वैरायटी और डिजाइन देखकर काफी उत्साह है. दुकानदारों के मुताबिक, अमरावती में गरबा ड्रेस की कीमत करीब 500 रुपये से शुरू होकर 3500 रुपये तक है. ड्रेस की कीमत उसके डिजाइन, कपड़े और कढ़ाई के हिसाब से तय की गई है. नवरात्रि जैसे-जैसे करीब आएगी, बाजार में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है.
भावनगर, गुजरात के व्यापारी चंदू वाघेला के मुताबिक, वे हर साल भावनगर से गरबा-रास की अलग-अलग डिजाइन वाली ड्रेस अमरावती लेकर आते हैं. इस बार भी लोगों में काफी उत्साह है और खरीदारी अच्छी चल रही है. नए-नए पैटर्न लोगों को पसंद आ रहे हैं. इस बार गरबा ड्रेस में पारंपरिक डिजाइनों के साथ नए ट्रेंडिंग पैटर्न भी बाजार में चर्चा में हैं. व्यापारियों के मुताबिक 'अदरक' और 'अजक' पैटर्न की ड्रेस फिलहाल लोगों को खास पसंद आ रही हैं. गुजरात की पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का यह मेल अमरावती के गरबा बाजार को अलग पहचान दे रहा है.
गरबा की पोशाक भी उत्सव का अहम हिस्सा
गुजरात में गरबा-रास सिर्फ नृत्य तक सीमित नहीं है. इसकी पारंपरिक पोशाक भी उत्सव का एक बड़ा आकर्षण है. अब नवरात्रि के इसी रंग में अमरावती भी रंगती नजर आ रही है. भावनगर से आई गरबा ड्रेस की खरीदारी के लिए बाजारों में अभी से रौनक देखने को मिल रही है. नवरात्रि आने में अभी वक्त है, लेकिन अमरावती में गरबा का उत्साह पहले ही चरम पर पहुंचता दिखाई दे रहा है. बाजारों में नई ड्रेस की खरीदारी शुरू हो चुकी है और लोगों को अब मां की आराधना के साथ गरबा-रास की उन खास रातों का इंतजार है.
ये भी पढ़ें