दिल्ली में पानी-सीवर कनेक्शन लेना होगा आसान
दिल्ली में पानी-सीवर कनेक्शन लेना होगा आसान
दिल्ली में नया पानी या सीवर कनेक्शन लेने वालों के लिए राहत की खबर है. दिल्ली जल बोर्ड (DJB) ने 2026 के नए जल एवं सीवर कनेक्शन नियमों को मंजूरी दे दी है. नए नियमों का मकसद कनेक्शन लेने की प्रक्रिया को आसान, तेज और कम कागजी बनाना है. खास बात यह है कि अब अलग-अलग आवासीय यूनिट के लिए अलग पानी कनेक्शन लेने में पुरानी पाबंदियां कम होंगी.
बिल्डिंग की ऊंचाई की शर्त खत्म
नए नियमों के तहत व्यक्तिगत पानी कनेक्शन के लिए अब बिल्डिंग की ऊंचाई या मंजिलों की संख्या बाधा नहीं बनेगी. अगर तकनीकी रूप से कनेक्शन देना संभव है, तो हर अलग आवासीय यूनिट यानी Dwelling Unit को अलग पानी कनेक्शन दिया जा सकेगा. इसका फायदा बहुमंजिला इमारतों और अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों को मिल सकता है.
एक संपत्ति पर 6 कनेक्शन की सीमा भी खत्म
DJB के 2012 के नियमों में एक संपत्ति के लिए अधिकतम छह व्यक्तिगत पानी कनेक्शन की सीमा थी. नए नियमों में इस सीमा को हटाने का प्रावधान किया गया है. अब कनेक्शन की संख्या अलग-अलग आवासीय यूनिट और तकनीकी सुविधा के आधार पर तय होगी. यानी छह कनेक्शन की पुरानी सीमा जरूरी नहीं होगी.
अब सिर्फ 3 दस्तावेजों की जरूरत
नए कनेक्शन के लिए कागजी प्रक्रिया भी कम की गई है. अब आवेदन के लिए तीन दस्तावेज पर्याप्त रखने का प्रावधान है. पहचान के लिए आधार कार्ड या PAN कार्ड को स्वीकार किया जाएगा. इससे लोगों को कई तरह के दस्तावेज जुटाने की परेशानी कम होगी.
पहले मंजूरी, फिर होगा साइट निरीक्षण
कनेक्शन की प्रक्रिया में एक और अहम बदलाव किया गया है. अब पहले आवेदन की मंजूरी दी जाएगी और इसके बाद साइट का निरीक्षण किया जाएगा. इससे शुरुआती प्रक्रिया में लगने वाला समय कम करने और कनेक्शन को ज्यादा पारदर्शी तरीके से देने की कोशिश की गई है.
शुल्क में फिलहाल कोई बदलाव नहीं
नए नियमों के बावजूद पानी और सीवर कनेक्शन से जुड़े मौजूदा शुल्क में बदलाव नहीं किया गया है. पानी का टैरिफ, कनेक्शन शुल्क और आवेदन शुल्क पहले की तरह ही रहेंगे. यानी बदलाव का मुख्य फोकस प्रक्रिया को आसान बनाने पर है.
पानी बचाने पर मिलेगा रिबेट
Rain Water Harvesting और Wastewater Recycling जैसी व्यवस्थाएं अपनाने वाले उपभोक्ताओं को रिबेट देने का भी प्रावधान किया गया है. इससे पानी की बचत, भूजल रिचार्ज और इस्तेमाल किए गए पानी के दोबारा इस्तेमाल को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है. कुल मिलाकर नए नियमों से दिल्ली में पानी और सीवर कनेक्शन के लिए आवेदन करना आसान होने की उम्मीद है. खासकर बहुमंजिला इमारतों और अलग-अलग आवासीय यूनिट में रहने वाले लोगों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है.
ये भी पढ़ें: