Advertisement

Amritsar Fake Police Arrested: वर्दी पहन कर लुट लेते थे पंजाब पुलिस की पिस्टल, जानें कैसे हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा

अमृतसर पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी बनकर लाइसेंसी पिस्टल ठगने वाले 26 वर्षीय सुखा सिंह को गिरफ्तार किया है. आरोपी के पास से फर्जी पुलिस वर्दी, पहचान पत्र, नकली नंबर प्लेट लगी कार समेत कई सामान बरामद हुए हैं. पुलिस अब उससे पूछताछ कर उसके नेटवर्क और अन्य वारदातों की जांच कर रही है.

Punjab Fake Police
अमित शर्मा
  • अमृतसर,
  • 05 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:25 PM IST

अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने नकली पुलिसकर्मी बनकर लाइसेंसी पिस्टल ठगने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सिविल लाइंस पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुखा सिंह (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है.

आरोपी के पास से क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल, एक स्विफ्ट कार, फर्जी नंबर प्लेट PB08-CS-3215, पंजाब पुलिस की वर्दी, पुलिस विभाग का फर्जी पहचान पत्र, एक एसी, इन्वर्टर तथा मोबाइल फोन बरामद किए हैं. बरामद सामान से यह भी संकेत मिलता है कि आरोपी लंबे समय से योजनाबद्ध तरीके से लोगों को अपना निशाना बना रहा था.

एसएचओ बनकर गन हाउस से ले उड़ा पिस्टल
पुलिस के अनुसार, कोर्ट रोड स्थित जे.आर. भाटिया गन हाउस के मालिक करण भाटिया ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 18 जुलाई 2026 को एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को थाना सिविल लाइंस का एसएचओ बताकर फोन किया और कहा कि वह पिस्टल देखने के लिए अपना कर्मचारी भेज रहा है. कुछ देर बाद पंजाब पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति सफेद रंग की स्विफ्ट कार में गन हाउस पहुंचा. उसने खुद को एसएचओ द्वारा भेजा गया कर्मचारी बताते हुए लाइसेंसी पिस्टल अपने कब्जे में ले ली और वहां से फरार हो गया.

ऐसे खुली फर्जीवाड़े की पोल
बाद में जब गन हाउस संचालक ने संबंधित थाना सिविल लाइंस से संपर्क किया, तो पता चला कि न तो एसएचओ की ओर से कोई फोन किया गया था और न ही किसी पुलिसकर्मी को भेजा गया था. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर 3 अगस्त को रामतीर्थ रोड क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने थाना मजीठा रोड क्षेत्र में भी इसी तरह की ठगी की वारदात को अंजाम दिया था, जिसके संबंध में अलग से मामला दर्ज है.

अन्य वारदातों की भी हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी फर्जी पुलिस पहचान पत्र, पंजाब पुलिस की वर्दी और नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर लोगों का विश्वास जीतता था और फिर धोखाधड़ी की वारदातों को अंजाम देता था. फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि उसके अन्य साथियों, ठगी के नेटवर्क और इस तरह की अन्य वारदातों का भी खुलासा किया जा सके.

पुलिस ने लोगों से की यह अपील
अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस अधिकारी या कर्मचारी बनकर किसी प्रकार की कार्रवाई करता है, तो उसकी पहचान की पुष्टि अवश्य करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे शातिर ठगों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement