अनंत सिंह, गुड्डू राय सहित 9 लोगों पर FIR दर्ज, अश्लील डांस और हथियारों के प्रदर्शन का मामला

मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इस वायरल वीडियो में वे डांसरों के साथ गाने पर थिरकते हुए नजर आ रहे हैं.

Anant Singh
gnttv.com
  • गोपालगंज,
  • 06 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:49 AM IST
  • एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर मीरगंज थाने की पुलिस ने की कार्रवाई

बिहार के बाहुबली विधायक व छोटे सरकार के नाम से मशहूर मोकामा विधायक अनंत सिंह की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. गोपालगंज में एक निजी समरोह में शामिल होने के दौरान समर्थकों के द्वारा हथियार लहराकर स्वागत किए जाने व बार बालाओं के द्वारा मुजरा पेश किए जाने के मामले में गोपालगंज पुलिस नें बड़ा एक्शन लेते हुए आयोजक गुडुडु राय, विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह सहित 9 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ कांड दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.

आज तक कि खबर का हुआ असर 
बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत में हथियार लहराने व नर्तकियों के डांस पर रूपये लुटाए जाने का वीडियो वायरल होने के बाद आज तक के विभिन्न प्लेटफार्म पर मुझको राणा जी माफ करना.... महफिल में डूबे दिखे बाहुबली अनंत सिंह, नर्तकियों पर लुटाए गए नोट, लहराई बंदूके खबर दिखाए जाने के बाद एसपी विनय तिवारी नें हथुआ एसडीपीओं आनंद मोहन गुप्ता को जांच का निर्देश दिया था. एसडीपीओं कि जांच के बाद मीरगंज थाने में आयोजक गुड्डू राय, उत्सव राय, प्रियांशु कुमार, टिशू राय, सौरव कुमार राय, विशाल राय, सुनील यादव, भोजपुरी गायक गुंजन सिंह, मोकामा विधायक अनंत सिंह सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ कांड दर्ज कर लिया गया है.

अनंत सिंह के स्वागत में सजी थी महफिल
बता दें कि 2 मई को मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र स्थित सेमराव गांव में मुखिया गुड्डू राय के पुत्र के उपनयन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान विधायक अनंत सिंह के स्वागत में समर्थकों के द्वारा भोजपुरी गाने पर खुलेआम हथियार लहराए गए थे. 

महफिल में डूब मुजरा का आनंद लेते वीडियो हुआ था वायरल 
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के स्वागत में भोजपुरी स्टार गुंजन सिंह, गोलू राजा, मदन राय सहित अन्य कलाकारों की महफिल सजी थी. महफिल में तवायफ कहां किसी से मोहब्बत करती है और मुझको राणा जी माफ करना.. जैसे गानों पर नृतिकी नृत्य करते हुए नजर आ रही थी. नेता जी का मुजरे का आनंद उठाते हुए और उनके समर्थकों के द्वारा नोटों की बारिश किए जाने का वीडियो सोशल मिडिया पर खूब वायरल हो रहा था. 

रोहिणी आचार्य ने पोस्ट कर महिला सम्मान पर उठाए थे सवाल
मोकामा विधायक का मुजरा सुनने का वीडियो वायरल होने के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की पुत्री रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार के महिला सम्मान पर सवाल उठाए थे. रोहिणी ने याद दिलाया कि जब लालू प्रसाद यादव बिहार की पारंपरिक लोक विधा (लौंडा नाच) को बढ़ावा देते थे, जिसे महान कलाकार भिखारी ठाकुर ने संजोया था, तब यही मीडिया और आज के सत्ता पक्ष के लोग इसे असभ्य बताकर 'हाय-तौबा' मचाते थे. रोहिणी ने सवाल उठाया कि अब सत्ताधारी विधायक द्वारा सरेआम नोट लुटाकर महिला के अपमान और दबंगई के मुजाहिरे पर सब मौन क्यों हैं? इतना ही नहीं रोहिणी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'महिला सम्मान' और 'बेटी बचाओ' जैसे नारों पर भी प्रहार किया. उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि हजारों लोगों के सामने नाचने को मजबूर एक महिला पर नोटों की गड्डियां लुटाना कैसा सम्मान है? उन्होंने आरोप लगाया था कि सत्तापक्ष के लोगों की चुप्पी यह साबित करती है कि पूरा कुनबा इसी चाल-चरित्र का हिस्सा है.

पुलिस नें प्रेस रिलीज जारी कर दी जानकारी
इस पूरे मामले में गोपालगंज पुलिस नें प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल होने पर संज्ञान लेते हुए जांच की गई. जांच के दौरान यह बात सामने आई कि 2 एवं 3 मई को मीरगंज थाना क्षेत्र के सेमराव गांव के गुड्डू राय के आवास पर आयोजित उपनयन संस्कार कार्यक्रम में अवैध/प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन/लहराया गया साथ ही अश्लील नृत्य का प्रसारण किया गया है. वीडियो के सत्यापन के बाद 9 नामजद व अन्य अज्ञात लोगों पर हथियार लहराकर दहशत फैलाने व अश्लील नृत्य कराने के आरोप में विभिन्न धाराओं में कांड दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है.

-विकास दुबे की रिपोर्ट

 

Read more!

RECOMMENDED