गोवा की सड़कों की हालत पर आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल ने गंभीर सवाल उठाए हैं. उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की सरकार को सड़कों की खराब स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराया. एक कार्यक्रम के दौरान, अरविंद केजरीवाल ने गोवा की मुख्य सड़कों की हालत का जिक्र करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के ऑफिस के सामने की सड़क भी गड्ढों से भरी हुई है.
कार्यक्रम में उन्होंने बताया गया कि गोवा की मादसा परवरिम रोड पूरी तरह से टूटी हुई है. केजरीवाल ने तंज कसते हुए कहा कि जो सीएम अपने ऑफिस के सामने वाली सड़क ठीक नहीं करा सकता, वो गोवा में आपके घर के सामने वाली सड़क के गड्ढे कैसे भरेगा? उन्होंने यह भी कहा कि प्रमोद सावंत को इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि वह जनता के लिए बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं करा पा रहे हैं.
पंजाब में सड़क निर्माण की मिसाल
केजरीवाल ने पंजाब की 'आप' सरकार की उपलब्धि के बारे में बताया. उन्होंने गोवा की सड़कों की खराब हालत की तुलना पंजाब में हो रहे सड़क निर्माण कार्यों से की. उन्होंने दावा किया कि पंजाब में 43,000 किलोमीटर लंबी शानदार सड़कें बनाई जा रही हैं. साथ ही अपने दावे को लेकर कहा कि अगर उनकी बात पर भरोसा न हो, तो कोई भी गूगल से इस बात की जानकारी प्राप्त कर सकता है.
भ्रष्टाचार और विकास पर सवाल
केजरीवाल ने प्रमोद सावंत सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए. वे बोले कि गोवा की सरकार जनता के लिए काम करने के बजाय केवल राज्य को लूटने में लगी हुई है. उन्होंने कहा, "आम आदमी पार्टी ईमानदार पार्टी है. प्रमोद सावंत की सरकार हफ्ता वसूली सरकार है."
जनता के लिए संदेश
कार्यक्रम के अंत में आम आदमी पार्टी ने गोवा की जनता से अपील की कि वे ऐसी सरकार को चुनें जो उनके लिए काम करे और राज्य के विकास को प्राथमिकता दे. पार्टी ने कहा कि अगर पंजाब में शानदार सड़कें बन सकती हैं, तो गोवा में भी ऐसा संभव है. उन्होंने जनता से भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की.