एशिया का सबसे बड़ा एयर शो एयरो इंडिया (Aero India 2023) का 14वां संस्करण 13 फरवरी के कर्नाटक के बेंगलुरु के येलहंका वायुसेना स्टेशन में आयोजित किया जाएगा. इससे पहले एयरो इंडिया शो का 13 वां संस्करण 2021 में आयोजित किया गया था. जो कोविड महामारी के कारण ये तीन दिनों के लिए हुआ था. इस बार एयरो इंडिया शो पांच दिनों के लिए आयोजित किया जाएगा. जो 13 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक आयोजित किया जाएगा.
पिछली बार लोगों के लिए नहीं खुला था
पिछली बार हुआ एयरो इंडिया का शो आम लोगों के लिए नहीं खुला था, ये केवल बिजनेस विजिट के लिए ही आयोजित किया गया था. साथ ही कोविड महामारी के चलते भी लोगों के विजिटिंग पर रोक लगाई गई थी. पिछली बार हुआ एयरो इंडिया सबसे बड़े हाइब्रिड एयरो शो में से एक था. जिसमें 530 कंपनियों के साथ 43 देशों के प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया था. एयर शो आयोजित करने वाली एजेंसी एचएएल ने अभी इसकी घोषणा नहीं किया है कि इस बार कौन से देश इसमें शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं.
इस बार अंतरराष्ट्रीय यात्री भी होंगे शामिल
इस बार होने वाले एयरो इंडिया में अंतरराष्ट्रीय यात्री भी शामिल होंगे. जिसके चलते यह उम्मीद लगाया जा रहा है कि इस साल पिछले सभी कार्यक्रमों से अधिक लोग पहुंचेंगे. एयरो इंडिया 2023 का आयोजन नोडल एजेंसी हिंदुस्तानी एयरोनॉटिक लिमिटेड (एचएएल) करेगी. ये एजेंसी ही देश में रक्षा कार्यक्रमों का आयोजन करती है. हर साल की तरह इस साल भी एशिया के सबसे बड़े एयर शो की तारीखों की घोषणा पहले कर दिया गया है. साथ ही रक्षा मंत्रालय में एयरो इंडिया 2023 की आधिकारिक वेबसाइट भी लॉन्च की है.
1996 में हुई थी शुरुआत
एयरो इंडिया एयर शो की शुरुआत 1996 में हुई थी और इसका दूसरा संस्करण 1998 में आयोजित किया गया था. जिसका उद्घाटन पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय जॉर्ज फर्नांडिस ने किया था. इस एयर शो में मिग-23, तीन एचएएल तेजस और कई भारतीय वायुसेना के बेहतरीन और शक्तिशाली विमान शामिल हुए थे. तब से लेकर अभी तक इस एयर शो की मेजबानी बेंगलुरु का येलहंका वायुसेना स्टेशन कर रहा है. इस एयर शो में दुनिया भर के युद्ध के लिए डिजाइन किए गए विमान अपना युद्ध कौशल दिखाने के लिए आते हैं. एयरो इंडिया शो को एशिया का सबसे बड़ा एयर शो माना जाता है. जिसमें भारत, रूस, अमेरिका, स्वीडन, फ्रांस सहित कई देशों शामिल होते हैं.