आसिम रियाज और विशाल आदित्य सिंह एक बार फिर आमने-सामने हैं. विवाद की शुरुआत हिमांशी खुराना के उस पॉडकास्ट से हुई, जिसमें उन्होंने आसिम के साथ अपने पुराने रिश्ते और धार्मिक मतभेदों को लेकर बात की थी. इसके बाद विशाल आदित्य सिंह ने हिमांशी की बात पर अपनी राय रखी, जिस पर आसिम ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें जवाब दिया. अब विशाल ने भी आसिम के पोस्ट पर पलटवार किया है.
हिमांशी ने रिश्ते और धर्म को लेकर क्या कहा था?
हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में अपने और आसिम रियाज के पुराने रिश्ते के बारे में बात की थी. उन्होंने बताया था कि रिश्ते के दौरान उनके सामने आसिम के धर्म की अच्छी बातें रखी जाती थीं और उन्हें उसे समझने और स्वीकार करने के लिए कहा जाता था. हिमांशी ने यह भी कहा था कि वह इसे सीधे तौर पर 'कन्वर्जन' नहीं कहेंगी, लेकिन वह इस बात को स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं थीं. उन्होंने बताया कि उस दौर में उन्हें लगा कि वह अपने भगवान को धोखा दे रही हैं.
आसिम ने हिमांशी के दावों को किया खारिज
हिमांशी की बात सामने आने के बाद आसिम ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा था. उन्होंने साफ कहा था कि उन्होंने कभी किसी से अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा. आसिम ने यह भी कहा था कि धर्म बेहद संवेदनशील मुद्दा है और इसे किसी से नफरत करवाने या अटेंशन पाने के लिए इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए. उन्होंने अपने करियर और पैसों से जुड़े दावों पर भी बात की और कहा था कि पैसों की सच्चाई बैंक स्टेटमेंट से सामने आ सकती है.
विशाल आदित्य सिंह ने आसिम की बात पर क्या कहा?
इसी विवाद के बीच विशाल आदित्य सिंह से हिमांशी के दावों को लेकर सवाल किया गया. विशाल ने कहा था कि उन्हें नहीं पता कि इस पूरी बात को किस तरह देखा जाना चाहिए. उनके मुताबिक, किसी भी रिश्ते में सिर्फ एक पक्ष की बात से पूरी कहानी सामने नहीं आती. अगर आसिम भी अपनी तरफ से उन चीजों के बारे में बात करेंगे जो रिश्ते में हुई थीं, तभी पूरी तस्वीर समझ में आएगी.
विशाल ने यह भी कहा था कि अगर रिश्ते की शुरुआत में ही धर्म बदलने की बात सामने आ गई थी तो उसी समय फैसला लिया जाना चाहिए था. लेकिन अगर इसके बाद भी रिश्ता तीन-चार साल तक चला, तो जाहिर है कि इसके पीछे और भी कई बातें रही होंगी.
विशाल की टिप्पणी पर भड़के आसिम
विशाल की इसी टिप्पणी पर आसिम ने सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने विशाल को बिग बॉस 13 के दौरान हुई पुरानी घटना याद दिलाते हुए तंज कसा. आसिम ने लिखा कि नेशनल टीवी पर उनकी एक्स गर्लफ्रेंड द्वारा पैन से पीटे जाने की वजह से उन्हें स्थायी नुकसान हुआ है. इसके साथ ही उन्होंने विशाल से कहा कि हर जगह उनका नाम लेना बंद करें. आसिम ने आगे कहा कि अगर विशाल को उनका अटेंशन चाहिए तो वह उन्हें डीएम कर सकते हैं, पॉडकास्ट या मीडिया में उनके बारे में बात करने की जरूरत नहीं है. इसी दौरान उन्होंने तंज करते हुए कहा कि वह विशाल के लिए एक साइकेट्रिस्ट ढूंढने की पूरी कोशिश करेंगे.
अब विशाल ने भी दिया आसिम को जवाब
आसिम के इस पोस्ट के बाद विशाल आदित्य सिंह ने भी इंस्टाग्राम पर जवाब दिया है. विशाल ने अपने पोस्ट में आसिम पर तंज कसते हुए लिखा, 'एक्स बिग बॉस कंटेस्टेंट, बस यही है आपकी पहचान और यही रह जाएंगे आप.' इसके बाद विशाल ने आसिम को संबोधित करते हुए लिखा, 'तो Asim bhai pls keep calm और बोलो 'जय श्री राम.' उन्होंने आगे तंज करते हुए कहा कि आसिम उन्हें साइकेट्रिस्ट का नंबर भेज दें. विशाल यहीं नहीं रुके. उन्होंने लिखा कि वह आसिम को सुरेश वाडकर म्यूजिक स्कूल का नंबर भेजते हैं और उसके साथ एक जिम का कूपन भी देंगे.
विशाल ने अपने पोस्ट में इंजेक्शन को लेकर भी तंज किया. उन्होंने लिखा, 'भाई इससे (इंजेक्शन) से सिर्फ बॉडी बनती है, दिमाग के लिए कुछ और देखो.' आखिर में उन्होंने आसिम के आर्ट और रैप पर भी कटाक्ष किया. पोस्ट में विशाल ने लिखा, 'Art (RAP) = 0 percent, Bakwas ka talent = 100 percent.' हालांकि ये मामला आग पकड़ता दिख रहा है. अब देखना होगा कि और कितनी बयानबाजी इस पूरे विवाद पर सामने आएगी.
ये भी पढ़ें