A still from Hanuman Ansh and Toxic
A still from Hanuman Ansh and Toxic
जिस फिल्म की शुरुआत देखकर किसी ने नहीं सोचा था कि यह लंबी रेस में टिक पाएगी, वही अब बॉक्स ऑफिस पर बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ रही है. 'हनुमान अंश' ने रिलीज के करीब चार हफ्ते बाद ऐसा कमबैक किया है, जिसकी शायद ही किसी ने उम्मीद की होगी. महज 10 लाख रुपए की ओपनिंग लेने वाली यह फिल्म अब चौथे हफ्ते में भी करोड़ों रुपए कमा रही है. खास बात यह है कि 27वें दिन इसकी कमाई यश की बड़ी पैन इंडिया फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स' से भी ज्यादा रही.
27वें दिन भी नहीं थमी कमाई
हनुमान अंश ने रिलीज के 27वें दिन यानी चौथे बुधवार को भारत में 7.25 करोड़ रुपए नेट कमाए. इससे एक दिन पहले फिल्म ने 8.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था. यानी बुधवार को कमाई में करीब 14.7% की गिरावट आई, लेकिन इसके बावजूद फिल्म की कमाई 7 करोड़ रुपए से ऊपर रही.
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर Sacnilk के मुताबिक, बुधवार को फिल्म के शो की ऑक्यूपेंसी करीब 29% रही. इसके साथ ही भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 61.38 करोड़ रुपए पहुंच गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 72.32 करोड़ रुपए हो चुका है.
टॉक्सिक जैसी बड़ी फिल्म को भी पीछे छोड़ा
हनुमान अंश की सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि उसने बुधवार को यश स्टारर ‘टॉक्सिक’ से ज्यादा कमाई की. 'टॉक्सिक' ने अपने आठवें दिन 5.10 करोड़ रुपए नेट कमाए, जबकि इसी दिन 'हनुमान अंश' का कलेक्शन 7.25 करोड़ रुपए रहा. यह तुलना इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि दोनों फिल्मों की शुरुआत बिल्कुल अलग रही थी. 'टॉक्सिक' ने पहले दिन 100 करोड़ रुपए से ज्यादा का कलेक्शन किया था. वहीं 'हनुमान अंश' ने सिर्फ 10 लाख रुपए से खाता खोला था.
कभी 4 लाख रुपए तक गिर गई थी कमाई
हनुमान अंश की शुरुआत बेहद धीमी रही थी. फिल्म 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपए कमाने के बाद एक समय ऐसा भी आया जब इसका डेली कलेक्शन घटकर करीब 4 लाख रुपए रह गया था. पहले दो हफ्तों में फिल्म को दर्शक जुटाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा. उस समय इसके भविष्य को लेकर भी कोई खास उम्मीद नजर नहीं आ रही थी. लेकिन तीसरे हफ्ते में कहानी अचानक बदल गई.
वर्ड ऑफ माउथ का मिला फायदा
फिल्म की किस्मत का टर्निंग पॉइंट 17वां दिन साबित हुआ. इस दिन 'हनुमान अंश' ने अचानक 2.20 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. इसके बाद फिल्म की कमाई लगातार बढ़ती चली गई. माना जा रहा है कि दर्शकों के बीच फिल्म की चर्चा और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ ने इसकी रफ्तार बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई. जिन लोगों ने फिल्म देखी, उन्होंने दूसरों को इसके बारे में बताया और धीरे-धीरे सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ती गई.
1.8 करोड़ के बजट में बनी फिल्म
हनुमान अंश को विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और डायरेक्ट किया है. फिल्म का बजट करीब 1.8 करोड़ रुपए है. फिल्म में शोभिनाव सतैया ने नीम करोली बाबा का किरदार निभाया है. वहीं पूर्णिमा तिवारी राम बेटी शर्मा के रोल में नजर आती हैं. फिल्म की कहानी नीम करोली बाबा यानी महाराज जी के जीवन और उनकी आध्यात्मिक विरासत से जुड़ी है. कहानी एक ऐसे बच्चे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां को खोने के बाद भगवान की तलाश में निकलता है. इस सफर में उसका सामना भक्ति, सेवा और इंसानियत से होता है.
छोटे बजट की फिल्म ने बदल दिया पूरा खेल
हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस सफर इसलिए खास है क्योंकि यह किसी बड़ी स्टारकास्ट या भारी-भरकम बजट के साथ रिलीज नहीं हुई थी. फिल्म की शुरुआत इतनी धीमी थी कि इसे लेकर कोई बड़ा बॉक्स ऑफिस अनुमान भी नहीं लगाया जा रहा था. लेकिन अब करीब चार हफ्ते बाद यही फिल्म करोड़ों में कमाई कर रही है. इतना ही नहीं, इसकी रोज की कमाई कई बड़ी फिल्मों से ज्यादा हो रही है.
ये भी पढ़ें