बगहा के दुर्गम दोन क्षेत्र में प्रसव पीड़ा से जूझ रही गर्भवती महिला के लिए SSB की 4×4 एंबुलेंस समय पर मददगार बनी. खैरानी गांव की चंद्रज्योति कुमारी को प्रसव पीड़ा शुरू होने की सूचना मिलते ही SSB की 21वीं वाहिनी ने तत्काल विशेष एंबुलेंस गांव भेजी. दुर्गम रास्तों के बावजूद जवान महिला को सुरक्षित हरनाटांड़ अस्पताल लेकर पहुंचे. अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका सुरक्षित प्रसव कराया. मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं.
सूचना मिलते ही भेजी गई विशेष एंबुलेंस
चंद्रज्योति कुमारी को प्रसव पीड़ा शुरू होने के बाद परिजनों ने मदद की सूचना दी. मामला सामने आते ही SSB 21वीं वाहिनी के अधिकारियों ने बिना देर किए महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. 21वीं वाहिनी के कमांडेंट तपेश्वर संबित राउत ने तत्काल एंबुलेंस भेजने के निर्देश दिए. कुमारचिनवा में तैनात SSB की विशेष 4×4 एंबुलेंस को खैरानी गांव के लिए रवाना किया गया. टीम ने महिला को एंबुलेंस में सुरक्षित बैठाया और हरनाटांड़ अस्पताल की ओर निकल पड़ी.
दुर्गम रास्तों के बीच अस्पताल तक पहुंचाया
दोन क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और दुर्गम रास्तों के कारण गर्भवती महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था. ऐसे में 4×4 एंबुलेंस के जरिए SSB की टीम महिला को सुरक्षित अस्पताल लेकर पहुंची. समय पर अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने महिला का प्रसव कराया. चंद्रज्योति ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया. प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई है.
ग्रामीणों ने SSB की पहल की सराहना की
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने SSB की मदद की सराहना की. ग्रामीणों का कहना है कि दोन जैसे दुर्गम इलाके में किसी मरीज को अचानक अस्पताल पहुंचाने की जरूरत पड़ने पर समय पर वाहन मिलना बड़ी चुनौती होती है. ऐसे में SSB की मदद लोगों के लिए महत्वपूर्ण साबित होती है.
ये भी पढ़ें: