Advertisement

नहीं बनाया मुर्गा तो पति ने गुस्से में लकड़ी से पीट कर ले ली पत्नी की जान, आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर में हड़िया शराब के नशे में पति ने मुर्गा न बनाने पर पत्नी से विवाद के बाद डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी. शंकरगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

मुर्गा न बनाने पर पति ने ली पत्नी की जान
सुमित सिंह
  • बलरामपुर ,
  • 31 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:15 AM IST

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में घरेलू विवाद ने उस वक्त खौफनाक रूप ले लिया, जब पति ने पत्नी को मुर्गा बनाने के लिए बोला. मुर्गा बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ. विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी पत्नी पर लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया. सिर और पेट पर इतनी गंभीर चोट आई कि महिला ने मौके पर दम तोड़ दिया. घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तलाश कर गिरफ्तार कर लिया.

शराब पीने के बाद मुर्गा बनाने को लेकर हुआ विवाद
पुलिस के मुताबिक, शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के जोकापाठ (लालदरा) में दुखनी बाई अपने पति रमेश कोरवा के साथ रहती थी. घटना से एक दिन पहले दोनों ने हड़िया शराब बनाकर पी थी. शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच रमेश ने दुखनी से मुर्गा बनाने के लिए कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में दुखनी के साथ मारपीट की और लकड़ी के डंडे से उसके सिर और पेट पर कई वार कर दिए. महिला को इतनी गंभीर चोट आई कि महिला की मौत हो गई. हालांकि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया सरई लकड़ी का डंडा भी बरामद किया है.

पिता ने कमरे में बेटी को मृत पाया
घटना की जानकारी मिलने पर दुखनी के पिता सोमारू साय लालदरा पहुंचे. उन्होंने घर के अंदर वाले कमरे में अपनी बेटी दुखनी बाई को मृत अवस्था में देखा. महिला के सिर, पेट और शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान थे. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस को दिए गए बयान में सोमारू साय ने बताया कि उन्हें गांव के लोगों से जानकारी मिली थी कि उनकी बेटी के साथ उसके पति ने मारपीट की है, जिससे उसकी मौत हो गई. जानकारी मिलने के बाद वह लालदरा पहुंचे और अपनी बेटी को घर के अंदर मृत पाया.

सास ने पुलिस को बताई विवाद की पूरी बात
मौके पर दुखनी की सास भी मिली. उसने पुलिस को बताया कि घटना से एक दिन पहले रमेश और दुखनी ने हड़िया दारू बनाकर पी थी. इसके बाद शाम करीब 4 से 5 बजे रमेश दुखनी से मुर्गा बनाने के लिए कह रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच लड़ाई-झगड़ा हुआ. इसके बाद रमेश ने दुखनी के साथ मारपीट की और घर से भाग गया.

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
सूचना मिलने के बाद शंकरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके पर देहाती मर्ग इंटीमेशन दर्ज किया और अपराध क्रमांक 97/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध कायम कर विवेचना शुरू की. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल अधिकारी की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. इसके साथ ही पंचनामा कार्रवाई भी की गई.

पुलिस ने इसके बाद आरोपी पति रमेश कोरवा की तलाश शुरू की. उसे पता तलाश कर हिरासत में लिया गया और घटना के संबंध में पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने पुलिस के सामने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. आरोपी ने बताया कि दुखनी के मुर्गा नहीं बनाने और इसी बात को लेकर हुए विवाद से वह नाराज था. इसी गुस्से में उसने लकड़ी के डंडे से दुखनी के सिर और पेट पर वार किया और वहां से भाग गया.  आरोपी की पहचान रमेश कोरवा पिता टिमला, उम्र 28 वर्ष, निवासी जोकापाठ (लालदरा), थाना शंकरगढ़, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपी रमेश कोरवा को 30 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement