बच्चों के रोने की आवाज सुन कर आए लोग, मामूली विवाद के चलते मासूमों को अनाथ कर फंदे से झुल गए माता-पिता

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले (तिंदवारी थाना क्षेत्र) के अमलिकौर गांव में एक दंपत्ति, लल्लू (28) और गोमती (24), ने घरेलू विवाद के कारण अलग-अलग कमरों में फंदे से लटककर अपनी जान दे दी. उनके बच्चों के रोने के आवाज से लोग वहां आएं और घटना देखकर दंग रह गए.

Couple Suicide
gnttv.com
  • बांदा,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:29 PM IST

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक पति-पत्नी के शव फंदे पर लटके मिले. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. घर के पास बैठे बच्चों के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई.

बताया जा रहा है कि घटना के समय दंपति के बच्चे घर में ही मौजूद थे. बच्चों के रोते हुए बाहर आने पर पड़ोसियों को कुछ अनहोनी का शक हुआ. जब लोग घर के अंदर पहुंचे, तो दोनों के शव अलग-अलग कमरों में फंदे से लटके मिले. यह दृश्य देखकर हर कोई सन्न रह गया. जानकारी के मुताबिक कपल के 2 बच्चे भी हैं, जिनके सिर से माता-पिता का साया अब हट चुका है. 

7 साल पहले की थी लव मैरिज
मृतकों की पहचान लल्लू (28 वर्ष) और उसकी पत्नी गोमती (24 वर्ष) के रूप में हुई है. दोनों ने करीब 7 साल पहले प्रेम विवाह किया था. शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे उनके रिश्ते में तनाव बढ़ने लगा. परिवार के अनुसार, दोनों के बीच अकसर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था.

घरेलू कलह और नशे की लत बनी वजह
परिजनों और पुलिस के मुताबिक, मृतक लल्लू शराब का आदी था. नशे की वजह से घर में अकसर कलह रहती थी. शनिवार को भी किसी घरेलू बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी. इसी के बाद दोनों ने अलग-अलग कमरों में जाकर आत्महत्या कर ली. पुलिस शुरुआती जांच में इसे घरेलू विवाद से जुड़ा मामला मान रही है.

पुलिस जांच और कार्रवाई
यह पूरा मामला तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलिकौर गांव का है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया. साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए.

DSP का बयान
बांदा के DSP सौरभ सिंह ने बताया कि थाना तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम अमलिकौर में पति-पत्नी द्वारा पारिवारिक कारणों से आत्महत्या करने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए फोरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए. इसके बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

सवालों के घेरे में हालात
हालांकि पुलिस इसे घरेलू कलह और नशे की लत से जुड़ा मामला मान रही है, लेकिन घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर बच्चों के सामने इस तरह की घटना होना बेहद दर्दनाक है. फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.
(रिपोर्ट- सिद्धार्थ गुप्ता)

ये भी पढ़ें 

 

Read more!

RECOMMENDED