Barabanki: सिलेंडर को लेकर पति-पत्नी में विवाद, नहीं पका खाना.. "गैस लाओ तो भोजन बनेगा, चूल्हे पर नहीं बनाऊंगी".. बच्चे को लेकर हुई गायब

पति ड्यूटी से लौटा तो खाना नहीं बना था, जिसके जवाब में पत्नी ने कहा कि गैस लाओगे तब खाना बनेगा, चूल्हे पर नहीं बनाऊंगी.

अनिल कुमार
gnttv.com
  • बाराबंकी,
  • 22 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 3:24 PM IST

यूपी के बाराबंकी में एक पत्नी ने चूल्हे पर खाना बनाने से इनकार कर दिया. उसने पति ने गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की, लेकिन पति ने इस मांग को पूरा नहीं किया. जिसका नतीजा यह हुआ कि महिला अपने पांच महीने के बच्चे को लेकर घर छोड़कर चली गई. पति पिछले तीन दिनों से पत्नी की खोज कर रहा है, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला है.

पति मांग रहा माफी
पति का कहना है कि महिला अपने साथ कुछ कपड़े और घर में रखे 1000 रुपए साथ लेकर गई है. वह यह भी कह रहा है कि, "जो गलती हुई माफ कर दो, वापस घर लौट आओ....". यह पूरा मामला घुंघटेर थाना क्षेत्र के बौधनी मजरे खटौली गांव का है. बौधनी मजरे खटौली गांव के निवासी अनिल कुमार की दो साल पहले सुमन देवी (29) के साथ शादी हुई थी. दोनों का एक पांच महीने का बच्चा भी है.

क्या है पूरा मामला
सोमवार की सुबह 8 बजे अनिल नाइट ड्यूटी करके घर लौटा था. घर लौटने पर उसने जब खाना मांगा तो पता चला कि खाना ही नहीं बना है. इस पर पति ने पत्नी से खाना न बनाने का कारण पूछा. पत्नी ने कहा, "अब चूल्हे पर खाना नहीं बनाऊंगी, गैस सिलेंडर भरवा दो."

अनिल के मुताबिक इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई. विवाद के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया. इसी दौरान सुमन देवी अपने कपड़े, 1000 रुपए नकद और पांच महीने के बेटे को लेकर घर से चली गई. शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली, तो पत्नी और बच्चे के गायब होने का पता चला. काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला. पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज की.

तीन दिनों से रहा खोज
अनिल कुमार ने भावुक होकर कहा, "जो भी गलती हुई हो, माफ कर दो और वापस घर लौट आओ." पति ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने परिजनों के साथ मोहम्मदपुर खाला के टेढ़ावां, असगीनगर, उस्मानपुर और सीतापुर के बनेहरा सहित रिश्तेदारों के यहां तलाश कर चुका है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है. कहीं कोई सुराग न मिलने पर पति ने घुंघटेर थाने में शिकायत दर्ज कराई. पति की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है.

- सैयद रेहान मुस्तफा की रिपोर्ट

 

Read more!

RECOMMENDED