उत्तर प्रदेश के बरेली से खाकी और मोहब्बत की एक ऐसी कहानी सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हलचल मचा दी. एक सिपाही ने खुद को कुंवारा बताकर महिला सिपाही का भरोसा जीता, शादी के सपने दिखाए और रिश्ते को आगे बढ़ाया. लेकिन जब प्यार की इस कहानी का असली सच सामने आया, तो मामला सीधे एसएसपी के जनता दरबार तक पहुंच गया. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
दरअसल, बरेली के शाही थाने में तैनात सिपाही अमित चौधरी पर आरोप है कि उसने खुद को अविवाहित बताकर एक महिला सिपाही से नजदीकियां बढ़ाईं. दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और धीरे-धीरे रिश्ता गहरा हो गया. महिला सिपाही को भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही दोनों शादी करेंगे. इसी भरोसे के साथ वह रिश्ते को गंभीरता से लेने लगी.
सच सामने आते ही टूटा भरोसा
कुछ समय बाद महिला सिपाही को पता चला कि अमित चौधरी पहले से शादीशुदा है. यह जानकारी मिलते ही उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस व्यक्ति पर उसने भरोसा किया था, उसी ने उससे अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाई थी. प्यार की कहानी अचानक धोखे की कहानी में बदल गई.
इस खुलासे के बाद महिला सिपाही गहरे मानसिक तनाव में चली गई. बताया जा रहा है कि वह काफी परेशान रहने लगी थी और उसका कामकाज भी प्रभावित होने लगा था. चर्चा है कि 31 मई 2026 को मानसिक दबाव के चलते उसने अपने पास रखी कई दवाइयों का एक साथ सेवन कर लिया. हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज किया गया.
एसएसपी ने दिखाई सख्ती
मामले की शिकायत सीधे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के जनता दरबार में पहुंची. जांच रिपोर्ट मिलने के बाद एसएसपी ने इसे पुलिस सेवा की गरिमा और अनुशासन से जुड़ा गंभीर मामला माना. आरोपी सिपाही अमित चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. साथ ही उसके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
निलंबन के बाद अमित चौधरी को पुलिस लाइन बरेली से संबद्ध कर दिया गया है. पुलिस विभाग के अधिकारियों ने मामले पर सार्वजनिक बयान देने से फिलहाल परहेज किया है, लेकिन कार्रवाई यह संकेत दे रही है कि विभाग ऐसे मामलों को लेकर गंभीर है और अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाया जा रहा है.
रिपोर्टर: कृष्ण गोपाल राज
ये भी पढ़ें: