scorecardresearch

PM Modi Record: पीएम मोदी निकले पंडित नेहरू, इंदिरा गांधी और मनमोहन सिंह से भी आगे, बनाया सबसे लंबे कार्यकाल का रिकॉर्ड, जानें किस प्रधानमंत्री ने कितने दिनों तक चलाया देश

PM Modi 12 Years: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को एक खास उपलब्धि अपने नाम की है. वह देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू से आगे निकल गए हैं. पीएम मोदी ने सबसे लंबे प्रधानमंत्री के कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है. पंडित नेहरू का पीएम कार्यकाल 4398 दिनों का था. अब प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी ने 4399 दिन पूरे कर लिए हैं.

PM Modi PM Modi

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने बतौर पीएम 12 साल पूरे कर लिए हैं. मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. उन्होंने 9 जून 2024 को तीसरी बार पीएम पद संभाला था. इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को एक खास उपलब्धि अपने नाम की है. वह देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू (Pandit Jawaharlal Nehru) से आगे निकल गए हैं. पीएम मोदी ने सबसे लंबे प्रधानमंत्री के कार्यकाल का रिकॉर्ड बनाया है. पंडित नेहरू का चुनाव जीतने के बाद पीएम कार्यकाल 4398 दिनों का था. अब प्रधानमंत्री के तौर पर मोदी ने 4399 दिन पूरे कर लिए हैं. 

पंडित नेहरू का 12 साल का रिकॉर्ड
आजादी मिलने के बाद पंडित जवाहर लाल नेहरू ने निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में 13 मई 1952 को पहली बार शपथ ली थी. 1962 के तीसरे लोकसभा चुनावों में लगातार कांग्रेस ने पंडित नेहरू के नेतृत्व में जीत का सिलसिला जारी रखा. प्रथम आम चुनावों से निधन तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पंडित नेहरू का कार्यकाल 4398 दिनों का कार्यकाल रहा. हालांकि पंडित नेहरू 15 अगस्त 1947 को प्रधानमंत्री बने थे लेकिन 1952 में लोकसभा चुनाव के पहले तक वो पांच साल अंतरिम सरकार के प्रमुख थे. पंडित नेहरू तब तक चुनाव जीतकर प्रधानमंत्री नहीं बने थे. यदि 15 अगस्त 1947 से प्रथम आम चुनाव के बीच की अवधि का समय जोड़ दिया जाए तो पंडित नेहरू प्रधानमंत्री पद पर कुल 6130 दिन तक रहे. 

इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को जब तोड़ा था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 जुलाई 2025 को पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के लगातार 4077 दिनों के प्रधानमंत्री के लंबे कार्यकाल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा था. पीएम मोदी ने मार्च 2026 में भी एक बड़ा रिकॉर्ड बनाया था. वह गुजरात के सीएम और फिर देश के पीएम रहने के दोनों कार्यकालों को मिला दें तो 8931 दिनों से अधिक समय तक सत्ता में रहने वाले देश के पहले नेता बन गए थे. इस तरह से उन्होंने सिक्किम के पूर्व सीएम पवन चामलिंग (8930 दिन) के रिकॉर्ड को तोड़ा था.

सबसे लंबे समय तक पीएम पद पर रहने वाले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक पीएम के पद पर रहने वाले पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी हैं. पीएम मोदी गैर कांग्रेसी सरकार के ऐसे पहले नेता हैं, जिन्होंने लगातार दो बार पूर्ण बहुमत की सरकार चलाई और अब तीसरी बार एनडीए सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं. पीएम मोदी लगातार तीन बार चुनाव जीतने वाले दूसरे प्रधानमंत्री हैं. पंडित जवाहरलाल नेहरू के बाद 2024 में नरेंद्र मोदी देश के दूसरे ऐसे प्रधानमंत्री बने थे, जिन्होंने लगातार तीन लोकसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) में अपने नेतृत्व में गठबंधन या पार्टी को जीत दिलाकर लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी. 

कब और कौन-कौन रहे प्रधानमंत्री
1.
जवाहरलाल नेहरू: 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964
2. गुलजारी लाल नंदा: 27 मई 1964 से 9 जून 1964
3. लाल बहादुर शास्त्री: 9 जून 1964 से 11 जनवरी 1966
4. गुलजारी लाल नंदा: 11 जनवरी 1966 से 24 जनवरी 1966
5. इंदिरा गांधी: 24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977
6. मोरारजी देसाई: 24 मार्च 1977 से 28 जुलाई 1979
7. चौधरी चरण सिंह: 28 जुलाई 1979 से 14 जनवरी 1980
8. इंदिरा गांधी: 14 जनवरी 1980 से 31 अक्टूबर 1984
9. राजीव गांधी: 31 अक्टूबर 1984 से 2 दिसंबर 1989
10. विश्वनाथ प्रताप सिंह: 2 दिसंबर 1989 से 10 नवंबर 1990
11. चंद्रशेखर: 10 नवंबर 1990 से 21 जून 1991
12. पीवी नरसिम्हा राव: 21 जून 1991 से 16 मई 1996
13. अटल बिहारी वाजपेयी: 16 मई 1996 से 1 जून 1996
14. एचडी देवेगौड़ा: 1 जून 1996 से 21 अप्रैल 1997
15. इंद्र कुमार गुजराल: 21 अप्रैल 1997 से 19 मार्च 1998
16. अटल बिहारी वाजपेयी: 19 मार्च 1998 से 22 मई 2004
17. मनमोहन सिंह: 22 मई 2004 से 26 मई 2014
18. नरेंद्र मोदी: 26 मई 2014 से वर्तमान तक
नोट: गुलजारी लाल नंदा दोनों अवसरों पर कार्यवाहक (अंतरिम) प्रधानमंत्री बने थे.