उत्तर प्रदेश के बस्ती में एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसे आप सुनेंगे तो आप भी अपनी हंसी रोक नहीं पाएंगे. एक महिला जब शाम को खाना बनाने किचन में घुसी तो सिंक में पड़े जूठे बर्तन को देख अपने पति पर आग बबूला हो गई और पति से झगड़ने लगी. बात इतनी बढ़ी कि पत्नी ने पुलिस बुला ली। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई. लेकिन जब पुलिस ने महिला से झगड़े का कारण पूछा तो उसने बताया कि पति ने बर्तन नहीं मांजा और झगड़ा कर रहे हैं. पुलिस ने पति-पत्नी को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया.
पति ने नहीं धोया बर्तन तो पत्नी ने बुलाई पुलिस-
दरअसल ये अजीबोगरीब मामला सोनहा थाना क्षेत्र एक गांव का है, जहां पति ने बर्तन धुलने से इनकार किया तो पत्नी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुला लिया. सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंच गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि दोनों दंपति आपस में झगड़ रहे थे. लेकिन जब उनसे पुलिस ने झगड़ने का कारण पूछा तो महिला ने बताया कि उसने कई बार पति से बर्तन धुलने के लिए कहा. लेकिन उसने उसकी बात को नजरअंदाज कर दिया और शाम को जब मैं खाना बनाने किचन में पहुंची तो सिंक में जूठे बर्तन पड़े थे तो उसने पति से इसका कारण पूछा तो वो झगड़ने लगे. अब आप ही बताइए साहब बर्तन साफ नहीं होगा तो रात में खाना कैसे बनेगा?
2 साल पहले हुई थी शादी-
इसपर पुलिस भी अपनी हंसी रोक नहीं पाई. पुलिस ने पति से पूछा तो उसने चुप्पी साध ली. जिसके बाद पुलिस ने दोनों को काफी देर तक समझाया-बुझाया, तब जाकर दोनों शांत हुए. विवाद खत्म कराने के बाद पुलिस लौट गई. पति-पत्नी की 2 साल पूर्व शादी हुई थी. दोनों की अभी कोई संतान नहीं है. इस घटना को लेकर जहां पुलिसकर्मी हैरान है, वही गांव में इसकी खूब चर्चा हो रही है.
पति-पत्नी का आपसी विवाद था- पुलिस
इस पूरे मामले पर सोनहा थानाध्यक्ष महेश सिंह ने बताया कि पति पत्नी का आपसी विवाद था. जिसे मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को समझा बुझाकर शांत करा दिया है.
(संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट)
ये भी पढ़ें: