तलाश कर रही मां को देती रही दिल्ली जाने की खबर, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, टंकी में मिला शव

बेगूसराय के जीरो माइल थाना अंतर्गत फर्टिलाइजर कॉलोनी में 13 साल के वैवाहिक जीवन पर 5 माह का अवैध प्रेम प्रसंग भारी पड़ गया, जहां पत्नी विभा देवी ने अपने प्रेमी चंदन साह के साथ मिलकर पति जगदीप पासवान की बेरहमी से हत्या कर दी.

Begusarai wife killed husband love triangle
gnttv.com
  • बेगूसराय,
  • 27 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:54 PM IST

11 अप्रैल से लापता जीरो माइल थाना क्षेत्र के पपरौर गांव निवासी जगदीप पासवान का शव थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर एक बगीचे में बनी टंकी से 19 अप्रैल की रात 10 बजे बरामद किया गया. यह घटना पूरे इलाके में सनसनी का कारण बन गई है.

बताया जाता है कि 11 अप्रैल की शाम जगदीप पासवान को उसकी पत्नी विभा देवी ने फर्टिलाइजर कॉलोनी के बगीचे में जलावन ले जाने की बात कहकर बुलाया था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. जब मृतक की मां ने अपनी बहू से जगदीप के बारे में पूछा, तो उसने बताया कि वह दिल्ली चला गया है. हालांकि, जगदीप की मां को लगातार शक बना रहा. वह लगातार खोजबीन करती रहीं और पुत्रवधू से सवाल पूछती रहीं, लेकिन हर बार वही जवाब मिलता रहा कि वह दिल्ली गया है.

दुर्गंध से खुला हत्या का राज
19 अप्रैल की शाम कुछ महिलाएं जंगल में जलावन चुनने पहुंचीं. इसी दौरान वहां से तेज दुर्गंध आने लगी. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टंकी का ढक्कन हटाकर सीढ़ी की मदद से शव को बाहर निकाला. इसके बाद कपड़ों के आधार पर शव की पहचान जगदीप पासवान के रूप में हुई. मृतक की मां ने बताया कि शव बरामद होने के समय भी उसकी पत्नी यह कहती रही कि जगदीप दिल्ली गया है और शव की पहचान से इनकार करती रही. बाद में मां ने कपड़ों से अपने बेटे की पहचान की.

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह
मृतक की मां फुलो देवी ने आरोप लगाया कि विभा देवी का पिछले 5 महीने से गांव के ही चंदन साह के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था. जगदीप अपनी पत्नी को चंदन साह के साथ घूमने और प्रेम संबंध रखने से मना करता था. इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. आरोप है कि इसी कारण विभा देवी ने अपने प्रेमी चंदन साह के साथ मिलकर जगदीप को जंगल में बुलाया और उसकी हत्या कर दी.

साक्ष्य मिटाने की भी कोशिश
परिजनों के अनुसार, हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए करीब 10 फीट गहरी टंकी में जगदीप का शव डाल दिया गया. आरोप है कि ईंट और लाठी से सिर कुचलकर हत्या की गई और फिर शव को टंकी में डालकर ढक्कन बंद कर दिया गया.
एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित कर रही है.

पत्नी गिरफ्तार, प्रेमी फरार
मृतक के चाचा चंद्रशेखर पासवान ने भी प्रेम प्रसंग और साजिश की बात कही है. मां की शिकायत पर पुलिस ने विभा देवी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
वहीं, पुलिस चंदन साह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है, लेकिन वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है.

13-14 साल पुरानी शादी का दर्दनाक अंत
विभा देवी फर्टिलाइजर कॉलोनी में पुलिसकर्मियों के घर और मेस में झाड़ू-पोछा और बर्तन धोने का काम करती थी, जबकि जगदीप पासवान ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. दोनों की शादी करीब 13-14 साल पहले हुई थी और उनके पांच बच्चे भी हैं. लेकिन 13 साल के रिश्ते पर 5 महीने का प्रेम प्रसंग भारी पड़ गया और महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी.

एसपी मनीष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि बगीचे की टंकी से जगदीप पासवान का शव बरामद किया गया है और सदर डीएसपी-2 के नेतृत्व में पूरे मामले की जांच जारी है.

डीएसपी का कहना
डीएसपी इमरान अहमद ने बताया कि प्रेम प्रसंग में पत्नी ने अपने प्रेमी चंदन साह के साथ मिलकर पति की हत्या की और शव को टंकी में डाल दिया था. 2 साल से चंदन साह के साथ विभा देवी का प्रेम प्रसंग चल रहा था. चंदन साह प्रदेश में रह रहा था जो 12 अप्रैल को विभा देवी के बुलाने पर आया और चार महीने पहले ही साजिश की थी की प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहें जगदीप पासवान की हत्या करनी है और 12 अप्रैल की रात उसने जगदीप पासवान को बगीचे में बुलाया और फिर दोनों ने मिलकर लाठी डंडे से और गले में गमछे से फांसी लगाकर हत्या कर दी. इस दौरान विभा देवी के साड़ी में ब्लड लग गया तो वह बगीचे में जला दिया था उसका भी साक्ष्य मिला है. विभा देवी को गिरफ्तार किया गया है ,जबकि चंदन साह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. 
(रिपोर्ट- सौरभ कुमार)

ये भी पढ़ें 

Read more!

RECOMMENDED