भोपाल के अवधपुरी थाना क्षेत्र की श्रीराम कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर हुई बुजुर्ग पर हमले की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है. 71 वर्षीय रिटायर्ड कर्मचारी मोहन चौधरी पर घर में घुसे दो बदमाशों ने हथौड़े से सिर पर कई वार किए. हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, इस वारदात की साजिश घर में काम करने वाली केयरटेकर महिला ने अपने दो पुरुष मित्रों के साथ मिलकर रची थी.
पन्ना की हीरा खदान से रिटायर्ड हैं मोहन चौधरी
जानकारी के मुताबिक, मोहन चौधरी पन्ना की हीरा खदान से रिटायर्ड कर्मचारी हैं. वह अपनी पत्नी के साथ अवधपुरी की श्रीराम कॉलोनी में रहते हैं. वारदात के समय घर में मोहन चौधरी, उनकी पत्नी और केयरटेकर महिला मौजूद थी, जबकि उनका इकलौता बेटा नौकरी पर गया हुआ था. शुक्रवार दोपहर केयरटेकर महिला बुजुर्ग की पत्नी को नहला रही थी. इसी दौरान उसके दो पुरुष मित्र घर में दाखिल हुए. मोहन चौधरी की नजर जब घर में घुसे दोनों संदिग्ध युवकों पर पड़ी तो उन्होंने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर आरोपियों ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया. दोनों ने हथौड़े से उनके सिर पर कई वार किए और इसके बाद मौके से फरार हो गए. हमले में मोहन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कराया अस्पताल में भर्ती
बुजुर्ग पर हमले की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलने पर अवधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोहन चौधरी को इलाज के लिए एम्स भेजा गया. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस ने घर में मौजूद केयरटेकर महिला से पूछताछ की. पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर लूट की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने दो पुरुष मित्रों के साथ मिलकर इस पूरी योजना को बनाया था.
पैसों के लालच में बनाई थी लूट की योजना
पुलिस के मुताबिक, केयरटेकर महिला को जानकारी थी कि रिटायर्ड दंपति के पास काफी पैसा है. इसी लालच में उसने अपने दोनों पुरुष मित्रों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी. हालांकि, वारदात के दौरान मोहन चौधरी की नजर दोनों युवकों पर पड़ गई और विरोध करने पर उन पर हथौड़े से हमला कर दिया गया. फिलहाल पुलिस केयरटेकर महिला और उसके दोनों पुरुष मित्रों से पूछताछ कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में कुल कितने लोग शामिल थे, लूट का असल मकसद क्या था और बुजुर्ग पर हमले के पीछे पहले से कोई दूसरी योजना तो नहीं बनाई गई थी.
ये भी पढ़ें