Advertisement

15 अगस्त से पहले BJP का 'वीरों का सम्मान' अभियान, पूर्व सैनिकों के घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता, सोशल मीडिया पर दिखेगी शौर्य की कहानी

स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवाद और सैनिक सम्मान के मुद्दे को लेकर अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है. पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ता अब युद्ध में शौर्य दिखाने वाले वीर जवानों और पूर्व सैनिकों के घर पहुंचकर उनका सम्मान करेंगे.

Veer Samman Abhiyan
सिमर चावला
  • कानपुर ,
  • 13 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:20 AM IST

स्वतंत्रता दिवस से पहले भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रवाद और सैनिक सम्मान के मुद्दे को लेकर अपना जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है. पार्टी के युवा मोर्चा कार्यकर्ता अब युद्ध में शौर्य दिखाने वाले वीर जवानों और पूर्व सैनिकों के घर पहुंचकर उनका सम्मान करेंगे, उनकी कहानियां सुनेंगे और उन्हें लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रहे हैं.

कानपुर में इसी अभियान के तहत भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष शिवांग मिश्रा के नेतृत्व में कार्यकर्ता कारगिल युद्ध में शामिल रहे पूर्व सैनिक अजीत सिंह के घर पहुंचे. कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानित किया और कारगिल युद्ध के दौरान उनके अनुभव सुने. अजीत सिंह ने बताया कि किस तरह कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने विपरीत परिस्थितियों में अदम्य साहस दिखाते हुए दुश्मन को पीछे हटने पर मजबूर किया था. युद्ध के दौरान वह गंभीर रूप से घायल भी हुए थे.

चुनावी साल में राष्ट्रवाद का मुद्दा
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा लगातार राष्ट्रवाद, सेना और सैनिकों के सम्मान को अपने राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा बना रही है. 15 अगस्त के मौके पर पार्टी का यह अभियान उन परिवारों तक पहुंचने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है, जिनका सीधा जुड़ाव देश की सुरक्षा से रहा है. भाजपा नेताओं का कहना है कि पूर्व सैनिक केवल सम्मान के पात्र नहीं हैं, बल्कि उनकी वीर गाथाएं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं. इसी सोच के तहत कार्यकर्ता उनके घर जाकर संवाद करेंगे और उनके अनुभवों को वीडियो के जरिए सोशल मीडिया पर साझा करेंगे.

सोशल मीडिया पर दिखेगी वीरों की कहानी
भाजपा युवा मोर्चा की रणनीति है कि स्थानीय स्तर पर ऐसे वीर जवानों की पहचान कर उनके संघर्ष और बलिदान की कहानियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचाया जाए. पार्टी इसे देशभक्ति और युवाओं को सेना के प्रति प्रेरित करने वाले अभियान के रूप में पेश कर रही है. कार्यक्रमों में भाजपा पदाधिकारी पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर रहे हैं और स्वतंत्रता दिवस से पहले 'वीरों का सम्मान' संदेश को जनता तक पहुंचाने की तैयारी में हैं.

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement