आउटर दिल्ली के नांगलोई इलाके में तेज रफ्तार कार का कहर फिर देखने को मिला. दरअसल यहां एक कार से युवक की मौत का मामला सामने आया है. बीते मंगलवार तड़के तेज रफ्तार कार ने फुटपाथ पर चल रहे 31 वर्षीय महेश कुमार को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद कार महेश को घसीटते हुए खंभे से टकराई और पलट गई. कार के नीचे दबने से महेश की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे का पूरा घटनाक्रम घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर अब तेजी से वायरल हो रहा है.
नांगलोई थाना पुलिस ने लापरवाही से मौत की धारा में मामला दर्ज कर आरोपी चालक रिंकू गोयल को गिरफ्तार कर कार जब्त कर ली है. मृतक महेश के पिता जगमोहन सचिवालय सुरक्षा बल में एसआई हैं. उन्होंने बताया कि महेश किराना दुकान पर काम करते थे और अविवाहित थे. जल्द ही उसकी शादी होने वाली थी.
महेश रोज तड़के घर के पास डेयरी पर अपना नंबर लगाने जाते थे. मंगलवार को भी वह डेयरी गए थे. लौटते समय रोहतक रोड पर फुटपाथ से गुजर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार फुटपाथ पर चढ़ गई और उन्हें टक्कर मार दी. महेश के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की. जहां एक्सीडेंट का मामला सामने आया . जिसके बाद डेयरी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर हादसे का पता चला.
पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना के बाद कार चालक के साथ एक लड़की थी. दुर्घटना के बाद दोनों ने तुरंत अपने परिजनों को मौके पर बुलाया और उनके साथ घर चले गए. जहां बाद में कार चालक की जगह किसी और को पुलिस के सामने पेश किया गया. वही पुलिस के अनुसार घटना के दो-तीन मिनट बाद चालक के परिवार वाले भी मौके पर पहुंचे थे.
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह नोएडा स्थित संस्थान में नर्सिंग की पढ़ाई करता है और सहपाठी छात्रा के साथ अपनी बहन के घर जा रहा था. उसने कार अपने दोस्त से खरीदी थी, लेकिन अभी आरटीओ में कार उसके नाम नहीं रजिस्टर हुई थी.
महेश के बड़े भाई सोमवीर ने चालक पर नशे में वाहन चलाने का भी आरोप लगाया है. पुलिस ने चालक के ब्लड का नमूना एफएसएल भेजा है. रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में लिया और थाने से ही जमानत दे दी है.