Advertisement

CJP Protest in Delhi: राजधानी दिल्ली में सीजेपी का आज फिर धरना-प्रदर्शन और जंतर-मंतर मार्च का ऐलान, खुले रहेंगे मार्केट और मेट्रो स्टेशन, घर से निकलने से पहले यहां जान लें कहां-कहां पर ट्रैफिक डायवर्जन?

CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) शनिवार को राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने के बाद आज रविवार को भी जंतर-मंतर मार्च का ऐलान किया है. इसको लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है. रविवार को मार्केट और मेट्रो स्टेशन तो खुले रहेंगे लेकिन ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है. 30 प्रमुख जगहों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है. 

CJP Protest (Photo: PTI)
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 11 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:02 AM IST

CJP Protest: देश की राजधानी दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और छात्र संगठनों के विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर रविवार, 11 अक्टूबर को लगातार दूसरे दिन यातायात प्रभावित रहने की आशंका है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने राजधानी के 30 प्रमुख चौराहों और सड़क मार्गों के लिए एडवाइजरी जारी की है. 

पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए सुबह 6 बजे से जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन और प्रतिबंध लागू किए जा सकते हैं. जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, पटेल चौक और सेंट्रल दिल्ली के कई अन्य इलाकों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है. ऐसे में लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें और जरूरी होने पर ही प्रभावित रास्तों का इस्तेमाल करें.

जंतर-मंतर मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
CJP और स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) सहित कई छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन रविवार को जारी रखने का ऐलान किया है. प्रदर्शनकारियों की मांग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की है. CJP नेता अजिंक्य शिंदे ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मांग पूरी होने तक जंतर-मंतर तक मार्च निकाला जाता रहेगा. वहीं, SFI के महासचिव सृजन भट्टाचार्य ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जहां बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकेगी, वहां भी विरोध दर्ज कराया जाएगा. प्रदर्शन को देखते हुए नई दिल्ली और मध्य दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है. पुलिस स्थिति के अनुसार यातायात की आवाजाही नियंत्रित कर सकती है.

आज दिल्ली के इन इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन की आशंका

  • शंकर रोड गोलचक्कर से वंदे मातरम टी-पॉइंट
  • धौला कुआं फ्लाईओवर
  • झंडेवालान गोलचक्कर
  • पंचकुइयां गोलचक्कर
  • मंडी हाउस गोलचक्कर
  • डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक
  • राम चरण अग्रवाल चौक
  • मिंटो रोड और दीन दयाल उपाध्याय मार्ग जंक्शन
  • गुरु नानक चौक
  • चेम्सफोर्ड रोड और कनॉट प्लेस आउटर सर्कल टी-पॉइंट
  • भैरों रोड और रिंग रोड टी-पॉइंट
  • लोधी रोड फ्लाईओवर
  • नीला गुंबद गोलचक्कर
  • मदरसा टी-पॉइंट
  • सम्राट होटल गोलचक्कर
  • सरदार पटेल मार्ग और पंचशील मार्ग क्रॉसिंग
  • भीकाजी कामा प्लेस के नीचे का मार्ग
  • मोती बाग फ्लाईओवर के नीचे का अंडरपास
  • रिंग रोड और सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट
  • अशोक रोड और जंतर-मंतर रोड गोलचक्कर
  • विंडसर पैलेस गोलचक्कर
  • टॉल्स्टॉय मार्ग और जनपथ क्रॉसिंग
  • रेल भवन गोलचक्कर
  • जय सिंह रोड और संसद मार्ग क्रॉसिंग
  • कनॉट प्लेस आउटर सर्कल और बाराखंबा रोड टी-पॉइंट
  • गोल डाकखाना गोलचक्कर
  • पटेल चौक गोलचक्कर
  • जय सिंह रोड और अशोक रोड टी-पॉइंट
  • आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर
  • कनॉट प्लेस आउटर सर्कल और संसद मार्ग टी-पॉइंट

नोट: इन उपरोक्त स्थानों पर जरूरत के अनुसार वाहनों को दूसरे रास्तों से निकाला जा सकता है. हालांकि, सभी जगहों पर एक साथ प्रतिबंध लगना जरूरी नहीं है. ट्रैफिक पुलिस मौके की स्थिति का आकलन करने के बाद फैसला लेगी.

कनॉट प्लेस के दुकानदारों को सतर्क रहने की सलाह
प्रदर्शन और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (NDTA) ने कनॉट प्लेस के दुकानदारों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. एसोसिएशन ने अपने सदस्यों से रविवार को दुकानें खोलते समय आसपास की स्थिति पर नजर रखने और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की है. दुकानदारों को दुकान के दरवाजों और आसपास की गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके.

मेट्रो के सभी स्टेशन खुले, इंटरचेंज सुविधा भी बहाल
दिल्ली मेट्रो से सफर करने वालों के लिए राहत की खबर है. दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) के मुताबिक, मेट्रो नेटवर्क के सभी स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार खोल दिए गए हैं. संबंधित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा भी बहाल कर दी गई है. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के मद्देनजर सुरक्षा कारणों से शुक्रवार रात कुछ स्टेशनों पर पाबंदियां लगाई गई थीं. इस दौरान राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, पटेल चौक, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ, कश्मीरी गेट और नई दिल्ली जैसे प्रमुख स्टेशन प्रभावित हुए थे. अब मेट्रो स्टेशनों पर सामान्य आवाजाही बहाल होने की जानकारी दी गई है.

रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सलाह
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे नई दिल्ली और मध्य दिल्ली से गुजरने से बचें, यदि वहां जाना जरूरी न हो. रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी गई है. पुलिस के अनुसार, यातायात संबंधी प्रतिबंधों में मौके की स्थिति के हिसाब से बदलाव किया जा सकता है. यात्रियों को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी अपडेट देखते रहने चाहिए.

सोमवार को विपक्षी गठबंधन के प्रदर्शन पर भी नजर
रविवार को CJP के जंतर-मंतर मार्च के अलावा सोमवार को विपक्षी INDIA गठबंधन के संभावित प्रदर्शन को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की खबर है. विपक्षी नेताओं से दिल्ली में मौजूद रहने का अनुरोध किए जाने की जानकारी सामने आई है. ममता बनर्जी के दिल्ली में रुकने और सोमवार के प्रदर्शन में शामिल होने की बात भी सामने आई है. अभिषेक बनर्जी के दिल्ली लौटने की तैयारी की खबर है. इसके अलावा, सोनम वांगचुक ने कहा है कि यदि CJP नेताओं को रविवार तक रिहा नहीं किया गया, तो वह भी विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए मजबूर होंगे.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement