Advertisement

Greater Noida News: खुले में कूड़ा फेंका तो कैमरे से हुई अनाउंसमेंट, ग्रेटर नोएडा में डर के मारे फेंका हुआ कचरा वापस घर ले गया व्यक्ति

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर लगाम लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है. 9 अक्टूबर की रात दीवार के किनारे कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति को पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए चेतावनी दी गई, जिसके बाद वह कूड़ा उठाकर वापस घर ले गया.

Cleanliness Drive
अरुण त्यागी
  • ग्रेटर नोएडा,
  • 10 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:18 PM IST

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में साफ-सफाई को लेकर शानदार पहल की गई है. यहां खुले में कूड़ा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. आए दिन कूड़ा फैलाने वालों के चालान भी किए जाते हैं. इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें एक व्यक्ति खुले में कूड़ा फेंकते हुए कैमरे में कैद हो गया. कैमरे के जरिए पब्लिक अनाउंसमेंट होने पर उसे मजबूरन अपना फेंका हुआ कूड़ा उठाकर घर ले जाना पड़ा.

9 अक्टूबर की रात कैमरे में कैद हुई घटना
सेक्टर बीटा-1 के आरडब्ल्यूए महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि सेक्टर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. इसके बावजूद कई लोग खुले में या दीवारों के किनारे चुपके से कूड़ा फेंककर चले जाते हैं. ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ चालान की कार्रवाई कराई जाती है. उन्होंने बताया कि सेक्टर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनकी मदद से निगरानी की जाती है कि कौन खुले में कूड़ा फेंक रहा है.

पब्लिक अनाउंसमेंट के बाद कूड़ा उठाकर घर ले गया व्यक्ति
हरेंद्र भाटी के मुताबिक, 9 अक्टूबर की रात करीब 10:15 बजे सेक्टर में रहने वाला एक व्यक्ति गोद में बच्चे को लेकर आया. वह अपने घर से कूड़ा लाया था और उसे दीवार के किनारे फेंककर जाने लगा. इसी दौरान वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया. कैमरे पर निगरानी कर रहे व्यक्ति ने पब्लिक अनाउंसमेंट के जरिए उसे चेतावनी दी और कहा कि उसने जहां कूड़ा फेंका है, उसे तुरंत उठाए. शुरुआत में वह व्यक्ति समझ नहीं पाया कि आवाज कहां से आ रही है. इसके बाद दोबारा अनाउंसमेंट कर कहा गया कि अगर उसने कूड़ा नहीं उठाया, तो सुबह उसका चालान किया जाएगा. इसके बाद वह व्यक्ति वहां फेंका हुआ कूड़ा उठाकर अपने घर ले गया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग सेक्टर में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए की जा रही इस पहल की प्रशंसा कर रहे हैं. उनका कहना है कि आसपास सफाई रखने के लिए लोगों को जागरूक करना जरूरी है. जो लोग जागरूक करने के बाद भी खुले में कूड़ा फेंकते हैं, उनके खिलाफ इसी तरह कार्रवाई की जानी चाहिए.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement