Advertisement

Cleanliness Campaign in Delhi: 20 दिनों में दिल्‍ली होगी चकाचक... साफ-सफाई में कोताही पर होगी सख्त कार्रवाई... सीएम रेखा गुप्ता ने दिया अल्टीमेटम

Delhi Government: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार से स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. राजधानी के कोने-कोने को साफ-सुथरा किया जाएगा. दिल्ली में गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने सभी अधिकारियों को स्वच्छता अभियान को सफल बनाने की जिम्मेदारी दी है.

Delhi Chief Minister Rekha Gupta (Photo: PTI)
कुमार कुणाल
  • नई दिल्ली,
  • 01 मई 2025,
  • अपडेटेड 9:16 PM IST
  • मुख्यमंत्री और LG ने मंत्रियों और अधिकारियों संग की साझा बैठक 
  • MCD में सत्ता आने के बाद स्वच्छता को लेकर खास मुहिम की शुरुआत

दिल्ली में शुक्रवार यानी 2 मई से 20 दिनों तक एक बड़ा स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इसकी घोषणा की. उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में पहली बार एक ट्रिपल इंजन सरकार है, जिसमें एक साथ, एक जैसा काम करने का नजरिया है. इसी विजन को लेकर गुरुवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल के साथ दिल्ली सरकार, दिल्ली पुलिस और एमसीडी के सभी डीएम, डीसीपी और वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त बैठक हुई. इस मीटिंग का मिशन रहा बदल रही है दिल्ली. 

सीनियर अधिकारी करेंगे निरीक्षण 
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि हम दिल्ली की साफ-सफाई और स्वच्छता के लिए एक बड़े पैमाने पर अभियान शुरू करने जा रहे हैं. राष्ट्रीय राजधानी के सभी कोनों को साफ करने के लिए 20 दिन की समय सीमा दी गई है. सीनियर अधिकारी मिशन मोड वाले इस अभियान का निरीक्षण करेंगे और साथ ही जिम्मेदारियां तय होंगी. 

...तो होगी सख्त कार्रवाई
किसी भी दीवार पर लेखन और डिफेसमेंट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी और उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज करने के साथ ही जुर्माना भी लगाया जाएगा. सभी धार्मिक स्थलों और स्कूलों में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध होगा. धूल-धूसरित इलाकों में पौधरोपण किया जाएगा. सभी सार्वजनिक स्थलों पर दीवार पर पेंटिंग होगी.

अभियान में किसी भी किस्म की कोताही के लिए सबसे सीनियर अधिकारी जिम्मेदार होंगे. सभी अधिकारियों को हर रोज फील्ड निरीक्षण करना जरूरी होगा. हर दिन विभाग प्रमुखों को दैनिक रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी, जो बाद में मुख्यमंत्री कार्यालय में आएगी. सफाई का काम एक की जगह दिन में दो बार होगा. एक बार सुबह और दूसरी बार शाम को. सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस अभियान के जरिए हम कई सालों का लंबित कार्य समाप्त करेंगे. इस बड़े पैमाने के अभियान का लक्ष्य दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाना है. सारे अधिकारी और विभाग एकत्रित होकर इस महाअभियान को सफल बनाएंगे.


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement