Advertisement

CM योगी ने पाती लिखकर विजयादशमी की दीं शुभकामनाएं, माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों को मिलेंगे घर

सीएम योगी आदित्यनाथ ने महानवमी और विजयादशमी पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. अपनी पाती में उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्शों, सत्य और धर्म की जीत का संदेश दिया. साथ ही प्रयागराज के कसारी-मसारी में माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाने और क्षेत्र को श्रीकृष्णपुरी के रूप में विकसित करने की बात कही.

CM Yogi Adityanath
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:31 PM IST

विजयादशमी का पर्व बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीक माना जाता है. इसी संदेश के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र की महानवमी और विजयदशमी पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. अपनी पाती में उन्होंने मां दुर्गा के पराक्रम और प्रभु श्रीराम के आदर्शों का जिक्र करते हुए कहा कि अन्यायी और अधर्मी चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, आखिर में जीत सत्य और धर्म की ही होती है. उन्होंने लोगों से अपने भीतर के अहंकार, अन्याय और भेदभाव रूपी रावण को खत्म करने का संकल्प लेने की अपील की.

सीएम योगी ने कहा कि मां दुर्गा का पराक्रम और प्रभु श्रीराम का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ खड़े होने, नारी सम्मान और कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने प्रभु श्रीराम को सामाजिक एकता और समरसता का प्रतीक बताते हुए कहा कि रामलीला में समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के शामिल होते हैं. यह परंपरा आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देती है. उन्होंने यह भी कहा कि श्री राम के आदर्श केवल भारत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के कई देशों की सांस्कृतिक परंपराओं में भी उनकी झलक देखने को मिलती है. सीएम ने मां और मातृभूमि के प्रति प्रेम और कर्तव्यनिष्ठा को भी जरूरी बताया.

माफिया के खिलाफ कार्रवाई, गरीबों को मिलेंगे आवास
मुख्यमंत्री ने अपनी पाती में कानून का राज स्थापित करने और नागरिकों की सुरक्षा को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया. उन्होंने कहा कि माफिया और संगठित अपराध के खिलाफ कठोर कार्रवाई करके प्रदेश में भयमुक्त माहौल बनाने के लिए निर्णायक कदम उठाए गए हैं. अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति से कानून के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है.

इसी कड़ी में सीएम योगी ने प्रयागराज के कसारी-मसारी क्षेत्र का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए आवास बनाए जाएंगे. इस क्षेत्र को 'श्रीकृष्णापुरी' के रूप में विकसित करने की योजना है.

विजयादशमी पर बुराइयों को खत्म करने का संकल्प लें
सीएम योगी ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे विजयादशमी पर अहंकार, अन्याय, भेदभाव और नकारात्मकता रूपी रावण का दहन करने का संकल्प लें. उन्होंने प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और सत्य, धर्म, सामाजिक एकता व कर्तव्य के रास्ते पर चलने का संदेश दिया. 

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement