हरियाणा में अनोखी शादी, फेरों से पहले कराया HIV टेस्ट, बाबा साहेब की तस्वीर के सामने लिया जीवनभर साथ निभाने का संकल्प

हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक शादी पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है. यहां एक नवदंपति ने पारंपरिक रस्मों और दिखावे से अलग हटकर विवाह से पहले एचआईवी टेस्ट करवाया और रिपोर्ट सामान्य आने के बाद डॉक्टर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के सामने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया.

Charkhi Dadri wedding
gnttv.com
  • चरखी दादरी,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 1:48 PM IST

हरियाणा के चरखी दादरी जिले में एक ऐसी शादी हुई है, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है. यहां एक नवविवाहित जोड़े ने शादी को बिल्कुल अलग और जागरूकता से जोड़कर एक नई मिसाल पेश की है.

शादी से पहले हेल्थ चेकअप और एचआईवी टेस्ट
शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन ने एचआईवी टेस्ट करवाया और जब रिपोर्ट सामान्य आई, तो उन्होंने डॉक्टर बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की तस्वीर के सामने एक-दूसरे को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया.

सादगी और बिना दहेज की शादी
इस शादी की खास बात यह रही कि इसमें कोई दिखावा नहीं था. न बैंड-बाजा, न दहेज, न फिजूलखर्ची और न ही पारंपरिक रस्मों का तामझाम. शादी को बहुत ही सादगी से किया गया. स्टेज पर दोनों ने एक-दूसरे को फूल देने की बजाय ‘कलम’ भेंट की, ताकि समाज में शिक्षा और जागरूकता का संदेश जाए.

समाज के लिए जागरूकता की पहल
दूल्हा मनेंद्र दहिया और दुल्हन मोनिका तंवर दोनों ही काउंसलर हैं. उनका कहना है कि शादी सिर्फ एक रस्म नहीं, बल्कि भरोसे और जिम्मेदारी का रिश्ता है. इसलिए उन्होंने पहले ही हेल्थ चेकअप को जरूरी समझा.

लिया जीवनभर साथ निभाने का संकल्प
मनेंद्र दहिया ने कहा कि आज के युवाओं को बिना डर के अपनी सेहत की जांच करानी चाहिए, ताकि आगे की जिंदगी सुरक्षित रहे. वहीं मोनिका तंवर का कहना है कि एचआईवी जैसे मुद्दों पर समाज में अभी भी खुलकर बात नहीं होती, जबकि जागरूकता ही इससे बचाव का सबसे बड़ा तरीका है.

इस मौके पर मौजूद सामाजिक कार्यकर्ता संजय रामफल ने कहा कि इस तरह की शादियां युवाओं को सही दिशा देने का काम करती हैं. आजकल शादियों में सिर्फ दिखावा बढ़ रहा है, लेकिन जरूरत सादगी और समझदारी को बढ़ावा देने की है.

-प्रदीप कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें

 

    Read more!

    RECOMMENDED