नए साल की पहली तारीख भारत के लोगों के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण है. एक और कारण है जो इस तारीख को और खास बनाती है. दरअसल भारत में आज यानी शनिवार से 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए कोविड -19 टीकाकरण के लिए CoWin पर रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया है. बच्चों के टीकाकरण के लिए दोनों, वॉक-इन और ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था है. बता दें कि 15 से 18 साल के बच्चों को 3 जनवरी से कोविड -19 वैक्सीन मिलनी शुरू हो जाएगी.
10 वीं कक्षा के आईडी कार्ड का भी कर सकते हैं उपयोग
जहां CoWin पंजीकरण शनिवार से शुरू होंगे, वहीं ऑनसाइट पंजीकरण टीकाकरण के दिन यानी 3 जनवरी से ही शुरू होंगे. सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक बच्चे 1 जनवरी से अपने आईडी कार्ड का इस्तेमाल कर CoWin ऐप पर स्लॉट बुक कर सकते हैं. कोविन प्लेटफॉर्म के प्रमुख डॉ आर एस शर्मा ने पहले कहा था कि आधार और अन्य राष्ट्रीय पहचान पत्रों के अलावा, बच्चे पंजीकरण के लिए अपने 10 वीं कक्षा के आईडी कार्ड का भी उपयोग कर सकते हैं.
कोवैक्सीन, भारत में बच्चों के लिए उपलब्ध एकमात्र वैक्सीन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 दिसंबर, 2021 को एक टेलीविजन संबोधन में घोषणा की थी कि 15-18 वर्ष की आयु के बच्चों को 3 जनवरी, 2022 से कोविड -19 के खिलाफ टीका मिलना शुरू हो जाएगा. इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवा और फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को भी जनवरी से बूस्टर डोज मिलना शुरू हो जाएगा. भारत बायोटेक की कोवैक्सीन, जिसे 12 से 18 वर्ष के बच्चों के लिए आपातकालीन स्थिति में प्रतिबंधित उपयोग के लिए मंजूरी दी गई है, भारत में बच्चों के लिए उपलब्ध एकमात्र वैक्सीन है.