Advertisement

सिर्फ एक गलती और जिंदगी बर्बाद, Cyber Police की लड़कियों को चेतावनी, कहा- इन 5 बातों का रखें ध्यान!

भोपाल में हाल ही में सामने आए मामलों ने सबको चौंका दिया है. एक निजी कॉलेज की हिंदू युवतियों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया. मुस्लिम युवकों के एक गिरोह ने पहले दोस्ती का जाल बिछाया, फिर प्यार का नाटक किया, और बाद में अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल किया. यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि एक संगठित साजिश का हिस्सा है, जो पूरे देश में फैल रहा है.

cyber police advisory
gnttv.com
  • भोपाल,
  • 16 जून 2025,
  • अपडेटेड 3:42 PM IST

भोपाल में पिछले कुछ महीनों में लव जिहाद के मामले सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है. एक निजी कॉलेज की हिंदू युवतियों को प्रेम के जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें पुलिस ने चार्जशीट भी दाखिल कर दी है. इस खतरनाक ट्रेंड को देखते हुए मध्य प्रदेश साइबर पुलिस ने युवतियों और महिलाओं के लिए एक खास एडवाइजरी जारी की है.

अगर आप भी सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करती हैं या लक्जरी लाइफस्टाइल के चक्कर में फंसने का डर है, तो यह खबर आपके लिए है. साइबर पुलिस ने चेतावनी दी है कि एक गलत कदम आपकी जिंदगी को बर्बाद कर सकता है. 

कैसे फंसाया जा रहा है युवतियों को?
भोपाल में हाल ही में सामने आए मामलों ने सबको चौंका दिया है. एक निजी कॉलेज की हिंदू युवतियों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया. मुस्लिम युवकों के एक गिरोह ने पहले दोस्ती का जाल बिछाया, फिर प्यार का नाटक किया, और बाद में अश्लील वीडियो और फोटो बनाकर ब्लैकमेल किया. यह सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि एक संगठित साजिश का हिस्सा है, जो पूरे देश में फैल रहा है.

साइबर पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, जालसाज स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, और सोशल मीडिया के जरिए युवतियों को टारगेट करते हैं. खासकर वे लड़कियां जो घर से बाहर रहकर पढ़ाई करती हैं या अकेली रहती हैं, इनके निशाने पर होती हैं.

जालसाजों का खतरनाक 'मोडस ऑपरेंडी'
साइबर पुलिस ने जालसाजों के तरीके को बेनकाब किया है, जो सुनकर आप दंग रह जाएंगे. ये लोग निम्नलिखित तरीकों से युवतियों को फंसाते हैं:

  • लक्जरी लाइफ का लालच: जालसाज महंगी गाड़ियां, लग्जरी गैजेट्स, और हाई-फाई लाइफस्टाइल दिखाकर लड़कियों को लुभाते हैं. कई बार इनके गिरोह में महिलाएं भी शामिल होती हैं, जो विश्वास जीतने में मदद करती हैं.
  • दोस्ती से प्यार का नाटक: शुरू में जालसाज बेहद शालीन और भरोसेमंद व्यवहार करते हैं. वे लड़कियों को पब, रेस्टोरेंट, होटल, या ढाबों पर ले जाते हैं, जो अक्सर उनके अपने गिरोह के ही होते हैं.
  • नशे का जाल: इन जगहों पर लड़कियों को नशे की लत लगाई जाती है. नशे की हालत में उनके अश्लील फोटो और वीडियो बनाए जाते हैं, जिनमें छिपे कैमरों का इस्तेमाल होता है.
  • ब्लैकमेलिंग और यौन शोषण: इन वीडियो/फोटो के जरिए लड़कियों को ब्लैकमेल किया जाता है. उन्हें गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ यौन संबंध बनाने के लिए मजबूर किया जाता है. कुछ मामलों में जबरन शादी, धर्मांतरण, और यहां तक कि मानव तस्करी और देह व्यापार जैसे घिनौने कामों में धकेला जाता है.
  • सहेलियों को फंसाने का दबाव: पीड़ित लड़कियों को अपनी सहेलियों और परिचितों को इन जालसाजों के पास लाने के लिए मजबूर किया जाता है, जिससे यह सिलसिला और बढ़ता है.

इन 5 बातों का रखें ध्यान
साइबर पुलिस ने युवतियों और महिलाओं को इस खतरनाक साजिश से बचने के लिए 5 जरूरी सावधानियां बताई हैं:

  1. अंतरंग फोटो/वीडियो से बचें: कभी भी अपने मोबाइल में आपत्तिजनक या अंतरंग फोटो/वीडियो न बनाएं और न ही किसी को बनाने दें. यह ब्लैकमेलिंग का सबसे बड़ा हथियार है.
  2. अनजान लोगों से दोस्ती न करें: सोशल मीडिया, स्कूल, या कॉलेज में किसी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने से पहले उनकी पूरी जानकारी सत्यापित करें.
  3. लक्जरी के लालच से दूर रहें: कोई व्यक्ति अपनी महंगी लाइफस्टाइल दिखाकर लुभाए, तो सावधान रहें. यह सिर्फ दिखावा हो सकता है. साथ ही, किसी भी तरह के नशे से बचें.
  4. अकेले मिलने से बचें: ऑनलाइन दोस्तों से एकांत में मिलने से बचें. हमेशा सार्वजनिक और सुरक्षित जगहों पर मुलाकात करें.
  5. तुरंत शिकायत करें: अगर आपके साथ ऐसी कोई घटना होती है, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन, www.cybercrime.gov.in, या साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करें.

लव जिहाद के खिलाफ जागरूकता जरूरी
भोपाल में सामने आए इन मामलों ने यह साफ कर दिया है कि लव जिहाद जैसी साजिशें अब संगठित और सुनियोजित तरीके से चल रही हैं. ये जालसाज सिर्फ प्यार का नाटक नहीं करते, बल्कि लड़कियों की जिंदगी को बर्बाद करने का पूरा प्लान बनाते हैं. साइबर पुलिस की यह एडवाइजरी हर युवती और महिला के लिए एक चेतावनी है कि सावधानी ही बचाव है.

(रविश की रिपोर्ट)


 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement