बंगाल की खाड़ी में चक्रवात अर्नब लगातार ताकतवर हो रहा है और खतरनाक होता जा रहा है. अनुमान है कि 28 अक्टूबर को ये तट से टकरा सकता है. इस दौरान 140 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसको लेकर आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु में अलर्ट जारी किया गया है.
तट से कहां टकराएगा तूफान अर्नब-
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात अर्नब आज रात यानी 27 अक्टूबर की रात को बेहद गंभीर तूफान में बदल सकता है. इसके बाद ये उत्तर-पश्चिम की तरफ बढ़ेगा. अनुमान है कि ये तूफान 28 अक्टूबर को तट से टकराएगा. इस तूफान की तट से टक्कर बापटला और विशाखापत्तनम के बीच यानम तट से हो सकती है.
तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा-
चक्रवाती तूफान अर्नब की वजह से समंदर में 5 मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं. इससे तटीय इलाकों में बाढ़ आने की आशंका है. इस दौरान 120 किलोमीटर से 140 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही भारी बारिश भी हो सकती है.
आंध्र प्रदेश में प्रशासन की तैयारी-
चक्रवात अर्नब से निपटने के लिए ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. आंध्र प्रदेश में तटीय गांवों में रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया गया है. भारतीय नौसेना और कोस्ट गार्ड को भी अलर्ट किया गया है. आरटीएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी गई हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर फौरन इनकी मदद ली जा सके और लोगों को मदद पहुंचाई जा सके. आंध्र प्रदेश में 5.7 लाख लोगों की पहचान की गई है, जिनको तूफान से खतरा हो सकता है. आंध्र प्रदेश में दो दिनों के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं.
ओडिशा में स्कूल-कॉलेज बंद-
ओडिशा सरकार ने तटीय 5 जिलों में आज यानी मंगलवार और बुधवार को स्कूल और कॉलेज बंद कर दिए हैं. इसमें गंजम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट और मालकानगिरी शामिल हैं. इसके साथ ही 60 ओड्राफ, 17 एनडीआरएफ और 225 अग्निशमन टीमों को अलर्ट पर खा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इनकी मदद ली जा सके.
मछुआरों को चेतावनी-
ओडिशा में मछुआरों को समंदर में नहीं जाने की सलाह दी गई है. आंध्र प्रदेश में भी मछुआरों को समंदर से दूर रहने की सलाह दी गई है. इसके साथ ही अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है और आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की बात कही गई है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को गाइडलाइन का पालन करने और जरूरी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
तूफान से 53 ट्रेनें रद्द-
चक्रवाती तूफान को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है. 27 और 28 अक्टूबर को 53 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं. इस तूफान का असर आंध्र प्रदेश के कई प्रमुख रेल मार्गों पर पड़ है. ज्यादातर ट्रेनें विजयवाड़ा, राजमुंदरी, नरसापुर, मछलीपट्टनम, भीमावरम, गुंटूर और विशाखापत्तनम से आने-जाने वाली हैं.
ये भी पढ़ें: