Advertisement

Cyclone Do's and Don'ts: तटीय इलाकों में चक्रवाती तूफान का खतरा! अपनी सुरक्षा के लिए इन 5 चीजों से तुरंत बना लें दूरी

चक्रवाती तूफान के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है. IMD (भारत मौसम विज्ञान विभाग) के अनुसार, चक्रवात के समय समुद्र किनारे और तटीय इलाकों में जान-माल का खतरा ज्यादा होता है. इसलिए सख्ती से इन 5 गाइडलाइन का पालन करें.

cyclone murasu 5 Caution
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 03 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 6:09 PM IST

चक्रवात जब किसी इलाके में दस्तक देता है, तो अपने साथ तेज हवाएं और भारी बारिश लेकर आता है, जिसमें हजारों लोगों का जीवन उथल-पुथल हो जाता है. हवा की रफ्तार इतनी ज्यादा होती है कि पेड़ उखड़ जाते हैं, बिजली के खंभे गिर जाते हैं और कमजोर मकानों को नुकसान पहुंता है. खास तौर पर तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ जाता है. ऐसे मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी किसी बड़ी दुर्घटना की वजह बन सकती है. कई बार लोग चेतावनी मिलने के बाद भी समुद्र किनारे चले जाते हैं या बाढ़ के पानी से भरी सड़कों को पार करने की कोशिश करते हैं. यही गलतियां उनकी जान पर भारी पड़ सकती हैं.

चक्रवात के दौरान आपको सुरक्षित रखने के लिए IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग ने किन चीजों से आपको बचना चाहिए, इन चीजों को लेकर चेतावनी जारी कर दी है. विभाग ने ऐसी स्थिति में कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है. आइए जानते हैं, चक्रवात के समय किन 5 चीजों से बचना चाहिए.

1. समुद्र किनारे जाने से बचें
चक्रवात के दौरान समुद्र में ऊंची- ऊंची लहरें उठती हैं और तेज हवाओं के कारण तटीय इलाकों में खतरा बढ़ जाता है. ऐसे में समुद्र किनारे घूमने या वहां रुकने की गलती न करें. खासकर मछुआरों को समुद्र में जाने से बचना चाहिए. प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें और सुरक्षित जगह पर रहें.

2. बाढ़ के पानी से भरी सड़क पार न करें
भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर सकता है. ऐसी स्थिति में पैदल चलकर, कार या बाइक से पानी के बीच से निकलने की कोशिश न करें. सकड़ों के धसने के कारण पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है. तेज बहाव वाहन या व्यक्ति को बहा सकता है. इसलिए ऐसी सड़क से दूरी बनाए रखें और पानी कम होने का इंतजार करें.

3. पेड़, टीन शेड और कमजोर इमारतों के नीचे न रुकें
चक्रवात के दौरान तेज हवाओं से पेड़ की शाखाएं टूट सकती हैं और कमजोर ढांचे गिर सकते हैं. इसलिए किसी बड़े पेड़ के नीचे खड़े होने या टीन शेड के पास रुकने से बचें. कमजोर इमारतों से भी दूर रहें. मौसम खराब होने पर घर के अंदर सुरक्षित जगह पर रहें और खिड़कियों-दरवाजों से दूरी बनाए रखें.

4. टूटे हुए बिजली के तारों को न छुएं
तेज हवाओं के कारण बिजली के तार टूटकर सड़क या जमीन पर गिर सकते हैं. ऐसे तारों में करंट हो सकता है, इसलिए उन्हें छूने या उनके पास जाने की गलती न करें. दूसरों को भी उस जगह से दूर रखें और इसकी सूचना बिजली विभाग या संबंधित अधिकारियों को दें.

5. मौसम विभाग की चेतावनी को नजरअंदाज न करें
चक्रवात के समय IMD और प्रशासन की ओर से जारी अलर्ट पर नजर बनाए रखें. बिना जरूरी काम और आधिकारिक अनुमति के यात्रा करने से बचें. घर में पीने का पानी, जरूरी दवाइयां, सूखा राशन और दूसरी जरूरी चीजें पहले से रख लें, ताकि खराब मौसम के दौरान बाहर न निकलना पड़े.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement