4 साल पहले मुलाकात, फैमिली को नहीं मंजूर रिश्ता, भागकर की शादी, अब जान बचाने के लिए भटक रहा कपल

बिहार के दरभंगा की लड़की अनुष्का और यूपी के मिर्जापुर के लड़के अनुराग ने घर से भागकर शादी कर ली. लेकिन ये रिश्ता अनुष्का के घरवालों को मंजूर नहीं है. उसके घरवालों इसके खिलाफ हैं. अनुराग और अनुष्का अपनी जान बचाने के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं.

Love Marriage
gnttv.com
  • प्रयागराज,
  • 12 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:18 PM IST

बिहार के दरभंगा की रहने वाली लड़की और यूपी के मिर्जापुर के लड़के ने लव मैरिज कर ली. लेकिन शादी के बाद अब इस जोड़े को लड़की के घरवालों से डर लग रहा है. शादी के बाद इस जोड़े का सुख-चैन सब छिन गया है. पति-पत्नी 4 महीने से एक शहर से दूसरे शहर भाग रहे हैं, ताकि उनकी जिंदगी को खतरा ना हो. लड़की का नाम अनुष्का है, जबकि लड़के का नाम अनुराग है. अनुष्का की फैमिली को ये शादी मंजूर नहीं है.

4 साल पहले हुई थी छोटी सी मुलाकात-
अनुष्का और अनुराग की मुलाकात लगभग 4 साल पहले बीएचयू कैंपस में हुई, जहां अनुराग सिविल एविएशन में ग्रेजुएशन कर रहा था. वहीं, अनुष्का एक एग्जाम देने पहुंची थी। छोटी सी मुलाकात को एक इंस्टाग्राम ने ऐसा जोड़ा कि दोनों एक-दूसरे से प्यार कर बैठे. लेकिन एक दिन अनुष्का की फैमिली उसकी शादी तय करने लगी तो उसने घर में सच बता दिया. 

घरवालों ने अनुष्का की पिटाई की-
अनुष्का ने अनुराग से शादी करने की इच्छा जाहिर की. लेकिन घरवालों को अनुराग मंजूर नहीं था. घरवालों ने लड़की की जमकर पिटाई की. इतना ही नहीं, घरवालों ने अनुराग को फोन करके गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी. अनुष्का के पिता राजकुमार चौधरी ने अनुराग का आधार कार्ड भी मांगा और फिर अगले दिन 13 नवंबर को अनुष्का भाग कर प्रयागराज पहुंची, जहां उसने 14 नवंबर को अनुराग के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली.

अनुराग के घरवालों के साथ गाली-गलौज-
अनुराग और अनुष्का ने बताया कि जिस दिन उन्होंने शादी की. उसके बाद अनुष्का के परिवार ने उन्हें एक पल भी चैन से जीने नहीं दिया है. अनुष्का के पिता राजकुमार चौधरी कुछ लोगों को साथ लेकर मिर्जापुर में अनुराग के घर पर धावा बोल दिया. अनुराग के परिजनों से गाली-गलौज की. उन्हें धमकी दी गई और कहा गया कि वो दोनों किसी सूरत में जिंदा नहीं बचेंगे. 

अनुराग की फैमिली के खिलाफ अपहरण का केस-
अनुष्का के घरवालों ने दरभंगा में लहरिया सराय थाना में 19 नवंबर को अनुराग, अनुराग के पिता और छोटे भाई के खिलाफ अनुष्का के अपहरण का मुकदमा भी दर्ज करवा दिया. इस दौरान अनुराग और अनुष्का प्रोटेक्शन के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचे तो अनुष्का के पिता के आदमियों ने हाईकोर्ट के पास से उसे अगवा करने की कोशिश की, लेकिन दोनों किसी तरह से जान बचा मौके से भाग निकले. जिसके चलते कोर्ट में भी उनके बयान दर्ज नहीं हो पाए. अनुष्का का कहना है कि वो जैसे ही उसके घरवालों के हाथ लगेंगे, उनकी ऑनर किलिंग के साथ अनुराग भी मारा जाएगा.

हम दोनों जान का खतरा- अनुष्का
अनुष्का का कहना है कि पिता राजकुमार चौधरी, मां अंजू चौधरी, दादा गणेश चौधरी और मामा अरुण चौधरी से जान का खतरा है. वो लगातार उनको तलाश रहे है. अनुष्का के बताया कि उसके पिता राजकुमार चौधरी का बिहार के दरभंगा में अवैध शराब का कारोबार हैं. क्षेत्र में उनकी पहचान दबंग शराब माफिया की है.

अनुष्का ने बताया कि उसने नीट का एग्जाम दिया था और उसका MBBS में सलेक्शन भी हुआ था. लेकिन उसके परिजन उसकी शादी किसी ऐसे शख्स से करना चाहते थे, जिससे उन्हें उनके धंधे में फायदा होता. लेकिन अनुराग से शादी करने के बाद वो लगातार पागलों की तरह उन्हें ढूंढ रहे हैं. 

डर से मेरा काम-धंधा भी बंद है- अनुराग
अनुराग ने बताया कि मिर्जापुर में उसके घर में पेठा बनाने का काम होता है. इसके अलावा वो बीते कुछ सालों से बिल्डिंग मैटीरियल का काम शुरू किया था. लेकिन अनुष्का के पिता के चलते उसका काम भी बंद हो गया. अनुराग का कहना है कि अनुष्का के पिता के पास अवैध शराब से कमाया अनाप शनाप पैसा है. और वो कहते हैं कि चाहे जितना पैसा खर्च हो जाए, वो अनुष्का और अनुराग को सबक सिखा कर मानेंगे. अनुष्का के पिता के कुछ आदमी परमानेंटली मिर्जापुर में डेरा डाले हुए हैं. जिससे अनुराग का परिवार भी खौफ के साए में जी रहा है.

सीएम योगी से लगाई सुरक्षा की गुहार-
अनुष्का और अनुराग ने 10 मार्च को लखनऊ पहुंचकर सीएम योगी से मिलकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है. जिसके बाद सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है. लेकिन दो राज्यों से जुड़ा मामला होने के चलते अनुष्का और अनुराग खौफ में है. उन्हें लगता है कि उनपर कभी भी हमला हों सकता है.
अनुष्का और अनुराग दोनों एक ही जाति से है. बावजूद इसके अनुष्का के घरवालों के अहंकार ने दोनों की जिंदगी को जहन्नुम बना दिया है. दोनों को घर छोड़े 4 महीने बीत चुके हैं.

(आनंद राज की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED