पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल परिजनों द्वारा कर्ज लिया गया था, लेकिन वह कर्ज को चुका न सके, तो परिवार की एक लड़की को बंधक बना लिया गया. जिसके बाद उसे गांव के पास ही एक आर.ओ प्लांट के कैम्पस में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया. जब मामले की सूचना पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंच ग्रामीणों की मदद से ताला तोड़ा गया और लड़की को सकुशल बाहर निकाल परिजनों को सकुशल सौंप दिया गया.
यह घटना बीते 16 सितंबर की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है. जानकारी के अनुसार चंदौली जनपद के शहाबगंज थाना क्षेत्र के सेमरा गांव के रहने वाली कृष्णावती देवी ने गांव के ही रहने वाले जुबेर अहमद से सात-आठ महीने पहले कर्ज के तौर पर तीस हजार रुपए लिए थे. वह कर्ज का कुछ हिस्सा चुका भी चुकीं थीं. लेकिन जो बाकी का कर्ज था उसको लेकर दोनों पक्षों के अक्सर विवाद होता रहता था.
ग्रामीणों ने 16 सितंबर को पुलिस को सूचना दी गई कि गांव में ही स्थित एक आर.ओ प्लांट के कैम्पस में किसी लड़की की रोने की आवाज आ रही है. सूचना मिलते ही शहाबगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस के अनुसार ग्रामीणों की मदद से जब दरवाजे का ताला तोड़ा गया तो प्लांट के अहाते में 16-17 साल की एक लड़की बदहवास हालत में मिली. पुलिस ने इस लड़की को रेस्क्यू करते हुए उसके परिजनों को सौंप दिया.
उधर पीड़िता की मां कृष्णावती देवी की तहरीर पर गांव के रहने वाले जुबेर आलम और इकराम अंसारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया. पुलिस के अनुसार दिनांक 16.09.2026 को समय करीब 14:00 बजे थाना शहाबगंज क्षेत्रान्तर्गत डायल 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती को कमरे के अंदर बंद कर दिया गया है. सूचना मिलते ही पीआरवी एवं थाना स्थानीय पुलिस टीम द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई करते हुए ताला तोड़वाकर युवती को सकुशल बाहर निकाला गया.
मामले में वादिनी कृष्णावती देवी पत्नी रामसरन निवासी ग्राम सेमरा, थाना शहाबगंज, जनपद चन्दौली द्वारा प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर थाना शहाबगंज पर सुसंगत धाराओं के तहत नामजद अभियुक्तों जुबेर आलम व इकराम अंसारी के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है. प्राथमिक जांच में दोनों पक्षों के मध्य विगत 8 से 10 माह पूर्व हुए पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद की बात प्रकाश में आई है. पुलिस के अनुसार मामले में कुछ तथ्य संदिग्ध भी प्रतीत हों रहे हैं. जिनकी गहनता एवं निष्पक्षता से जांच की जा रही है.