22 लाख की ठगी करने वाले 11 साइबर ठग गिरफ्तार, कंबोडिया से जुड़े हैं तार...

दिल्ली पुलिस के साउथ-वेस्ट जिले की साइबर थाना टीम ने एक बड़े ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बनाता था.

Cyber Fraud
gnttv.com
  • दिल्ली,
  • 24 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 8:45 AM IST

दिल्ली पुलिस के साउथ-वेस्ट जिले की साइबर थाना टीम ने एक बड़े ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह लोगों को भारी मुनाफे का लालच देकर ठगी का शिकार बनाता था. पुलिस जांच में सामने आया है कि इस पूरे नेटवर्क के तार कंबोडिया तक जुड़े हुए हैं, जहां बैठकर मास्टरमाइंड इस ठगी को अंजाम दे रहे थे.

इस मामले का खुलासा तब हुआ जब 60 वर्षीय एक बुजुर्ग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर दिखे एक आकर्षक निवेश विज्ञापन के झांसे में आकर उन्होंने 22.67 लाख रुपये गंवा दिए. इसके बाद साइबर पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की.

सोशल मीडिया से बिछाया जाल
जांच में पता चला कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी विज्ञापन चलाकर लोगों को निवेश के नाम पर लुभाते थे. शुरुआत में छोटे मुनाफे दिखाकर विश्वास जीतते और फिर बड़ी रकम ऐंठ लेते थे.

फर्जी ऑफिस से चलता था खेल
पुलिस को जांच के दौरान यह भी पता चला कि दिल्ली के रोहिणी और नेताजी सुभाष प्लेस (NSP) में गिरोह का नेटवर्क सक्रिय था. खासतौर पर NSP में एक फर्जी ऑफिस बनाया गया था, जहां नकली बैंक खाते खोले जाते थे और इन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया जाता था.

दिल्ली पुलिस ने राजधानी से तजिंदर सिंह उर्फ लकी, आशीष सैनी, शिव दयाल सिंह, शिवा और गिरिराज किशोर को गिरफ्तार किया. वहीं, पैसों के लेन-देन की कड़ी मुंबई तक पहुंची. इसके बाद राजस्थान के बिजाई नगर में छापेमारी कर चार अन्य आरोपियों रामदेव सांगला, प्रवीण कुमावत, दीपक मेवाड़ा और त्रिलोक चंद नायक को भी गिरफ्तार किया गया.

कंबोडिया से जुड़ा मास्टरमाइंड
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि यह गिरोह भारत में फर्जी बैंक खातों का इंतजाम करता था. इन खातों को मुंबई में बैठे ‘PK’ नामक व्यक्ति के जरिए कंबोडिया में मौजूद मास्टरमाइंड्स तक पहुंचाया जाता था. साइबर पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि वे सोशल मीडिया पर दिखने वाले “जल्दी और ज्यादा मुनाफा” देने वाले विज्ञापनों से सतर्क रहें. 

रिपोर्टर: हिमांशु मिश्रा

ये भी पढ़ें: 

 

Read more!

RECOMMENDED