दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का बड़ा हिस्सा तैयार, सराय काले खां से जैतपुर तक 9Km एलिवेटेड रोड लगभग पूरा, जल्द मिल सकती है लोगों को सौगात

देश की राजधानी दिल्ली और आर्थिक राजधानी मुंबई को जोड़ने के लिए दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जा रहा है. इस कड़ी में इस एक्सप्रेसवे का दिल्ली के सराय काले खां/DND से शुरू होना है जो आकर जैतपुर में मिलना है और यह खंड अब लगभग बनकर तैयार हो गया है जिसे अगले कुछ समय में लोकार्पण किया जाएगा.

Delhi mumbai Expressway
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 19 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:48 PM IST

दिल्ली और मुंबई को जोड़ने वाले देश के सबसे बड़े सड़क प्रोजेक्ट्स में शामिल दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का एक अहम हिस्सा अब लगभग तैयार हो चुका है. राजधानी दिल्ली में सराय काले खां-DND से शुरू होकर जैतपुर तक बनने वाला करीब 9 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड सेक्शन अंतिम चरण में पहुंच गया है. केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री Nitin Gadkari मंगलवार को इस हिस्से का निरीक्षण करेंगे.

क्या है दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे?
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे देश का सबसे बड़ा और आधुनिक एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट माना जा रहा है. इसका मकसद देश की राजधानी दिल्ली को आर्थिक राजधानी मुंबई से हाई-स्पीड सड़क नेटवर्क के जरिए जोड़ना है.

एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद दिल्ली से मुंबई का सफर काफी छोटा हो जाएगा. अभी जहां सड़क मार्ग से दोनों शहरों के बीच पहुंचने में करीब 24 घंटे तक लग जाते हैं, वहीं एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह दूरी लगभग 12 घंटे में तय की जा सकेगी.

सराय काले खां से जैतपुर तक क्या खास?
दिल्ली में बनने वाला यह हिस्सा सराय काले खां और DND से शुरू होकर यमुना किनारे-किनारे जैतपुर तक बनाया गया है. खास बात यह है कि करीब 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क को एलिवेटेड बनाया गया है, यानी सड़क जमीन से ऊपर तैयार की गई है.

एलिवेटेड रोड बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को सिग्नल या जाम में ज्यादा समय नहीं गंवाना पड़ेगा. यह हिस्सा खासतौर पर दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए राहत लेकर आएगा.

जैतपुर से फरीदाबाद तक का हिस्सा पहले ही तैयार
अधिकारियों के मुताबिक जैतपुर-मीठापुर से लेकर फरीदाबाद तक का एक्सप्रेसवे सेक्शन पहले ही तैयार किया जा चुका है. अब सराय काले खां से जैतपुर तक का हिस्सा भी लगभग पूरा हो गया है. माना जा रहा है कि निरीक्षण के बाद अगले कुछ समय में इस सेक्शन को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा.

लोगों को क्या होगा फायदा?
एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद दिल्ली से फरीदाबाद और आगे हरियाणा की तरफ आने-जाने वाले लोगों का समय बचेगा. ट्रैफिक जाम कम होगा और सफर पहले के मुकाबले ज्यादा तेज और आरामदायक हो जाएगा.

इसके अलावा भारी वाहनों के लिए भी यह एक्सप्रेसवे काफी मददगार साबित होगा, जिससे दिल्ली के अंदर ट्रैफिक का दबाव कम करने में सहायता मिलेगी.

-आशुतोष कुमार की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें:

 

Read more!

RECOMMENDED