Advertisement

Delhi-NCR Weather: दिल्ली-NCR में अभी तक नहीं आई कड़ाके की सर्दी, तापमान लगातार सामान्य से ऊपर, जानें कब तक रहेगा ऐसा

IMD के वैज्ञानिकों के मुताबिक सर्दी बढ़ने का पूरा असर पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर करता है. जब यह सक्रिय होते हैं, तो उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में शुष्क व ठंडी हवाएं चलती हैं.

Weather Forcast: Photo: PTI
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 12 दिसंबर 2025,
  • अपडेटेड 12:18 PM IST
  • पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं, इसलिए नहीं बढ़ी ठंड
  • दिल्ली-NCR में अभी तक नहीं आई कड़ाके की सर्दी

दिसंबर का एक-तिहाई हिस्सा बीत चुका है, लेकिन दिल्ली-NCR में अभी तक कड़ाके की सर्दी दस्तक नहीं दे पाई है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, लोधी रोड पर बुधवार से गुरुवार सुबह 8:30 बजे तक अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 0.6 डिग्री ज्यादा है.

इस महीने दिल्ली-NCR में लगातार सामान्य से अधिक तापमान रिकॉर्ड किया जा रहा है और आने वाले सप्ताह में भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है.

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं, इसलिए नहीं बढ़ी ठंड
IMD के वैज्ञानिकों के मुताबिक सर्दी बढ़ने का पूरा असर पश्चिमी विक्षोभ पर निर्भर करता है. जब यह सक्रिय होते हैं, तो उत्तरी और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में शुष्क व ठंडी हवाएं चलती हैं. इस सीजन में अब तक कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ नहीं आया है. इसी कारण दिल्ली-NCR में अब तक ठंड की लहर दर्ज नहीं हुई.

IMD के अनुसार, 13 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है, लेकिन यह कमजोर होगा और केवल जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ही बारिश ला सकेगा. IMD ने अनुमान जताया कि अगले सप्ताह दिल्ली में न्यूनतम तापमान 2-4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इसके चलते रात का तापमान बढ़कर 9-10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जिससे मौसम और सुहावना महसूस होगा.

कई राज्यों में ठंड की मार जारी
IMD की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुज़फ्फराबाद के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ इलाकों में शीतलहर से लेकर कड़ी शीतलहर की स्थिति बनी रही. पंजाब, विदर्भ, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ स्थानों पर भी शीतलहर की स्थिति दर्ज की गई. पिछले छह दिनों से इन राज्यों में लगातार शीतलहर का असर दिख रहा है, जबकि दिल्ली-NCR को अभी कड़ाके की सर्दी के लिए इंतजार करना पड़ेगा.

रिपोर्ट- सुशांत मेहरा

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement