Advertisement

यहां की चाट-कचौड़ी किसी से कम है क्या? 'वर्ल्ड्स बेस्ट स्ट्रीट फूड सिटीज' सूची में नई दिल्ली को मिला 19वां स्थान

टाइम आउट मैगजीन की 2026 की World's Best Street Food Cities सूची में नई दिल्ली को 19वां स्थान मिला है। कमला नगर, चांदनी चौक, लाजपत नगर और कनॉट प्लेस जैसे इलाकों का स्ट्रीट फूड अपनी विविधता, स्वाद और किफायती कीमतों के चलते देश ही नहीं, बल्कि दुनिया की भी पसंद बन चुकी है.

Delhi Street Food
gnttv.com
  • नई दिल्ली,
  • 05 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 9:58 PM IST

दिल्ली सिर्फ देश की राजधानी नहीं, बल्कि स्वाद की भी राजधानी मानी जाती है. यहां की गलियों से उठती चाट की खुशबू, तवे पर सिकते पराठे, चटपटी गोलगप्पों की आवाज और देसी जायकों का स्वाद हर किसी को अपनी ओर खींच लेता है. यही वजह है कि अब दिल्ली के स्ट्रीट फूड को सिर्फ देश ही नहीं, बल्कि दुनिया भी पसंद करने लगी है. मशहूर टाइम आउट मैगजीन की 2026 की "वर्ल्ड्स बेस्ट स्ट्रीट फूड सिटीज" की सूची में नई दिल्ली को 19वां स्थान मिला है. इस सूची में भारत के तीन शहर शामिल हैं, जिनमें मुंबई 10वें, जयपुर 15वें और नई दिल्ली 19वें नंबर पर है.

दिल्ली की गलियों में बसता है असली स्वाद
दिल्ली का स्ट्रीट फूड सिर्फ खाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां की संस्कृति और विरासत का हिस्सा भी है. पुरानी दिल्ली से लेकर नई दिल्ली तक हर इलाके की अपनी अलग पहचान और खास स्वाद हैं. यहां हर बजट और हर स्वाद के लोगों के लिए कुछ न कुछ जरूर मिल जाता है.

कमला नगर में मिलती है स्वाद की लंबी फेहरिस्त
उत्तर दिल्ली का कमला नगर युवाओं का पसंदीदा फूड हब माना जाता है. यहां दिनभर खाने-पीने के शौकीनों की भीड़ लगी रहती है. बाजार में चाट, गोलगप्पे, दही भल्ले, मोमोज, स्प्रिंग रोल, चाइनीज फास्ट फूड, छोले-भटूरे, पाव भाजी, सैंडविच, कुल्फी, आइसक्रीम, शेक और तरह-तरह की मिठाइयां आसानी से मिल जाती हैं. कॉलेज छात्रों के बीच यह इलाका खासा लोकप्रिय है.

पुरानी दिल्ली के जायकों का नहीं है कोई मुकाबला
अगर दिल्ली के स्ट्रीट फूड की बात हो और चांदनी चौक का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. यहां पराठे वाली गली के भरवां पराठे, दही भल्ले, आलू टिक्की, जलेबी, कचौड़ी, चाट और मशहूर दही-भल्ले लोगों को दूर-दूर से खींच लाते हैं. वहीं करीम, कबाब और निहारी जैसे व्यंजन भी पुरानी दिल्ली की अलग पहचान हैं.

दिल्ली में हर स्वाद का मिलता है ठिकाना
दिल्ली में सिर्फ पारंपरिक भारतीय स्ट्रीट फूड ही नहीं, बल्कि देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशी स्वाद भी मिल जाते हैं. लाजपत नगर में अफगानी और तिब्बती व्यंजन, सरोजिनी नगर में स्नैक्स, राजौरी गार्डन में पंजाबी स्वाद, कनॉट प्लेस में कैफे और स्ट्रीट फूड का अनोखा मेल देखने को मिलता है.

दुनिया में बढ़ रही दिल्ली के स्वाद की पहचान
टाइम आउट मैगजीन की सूची में जगह मिलना इस बात का संकेत है कि भारत का स्ट्रीट फूड अब दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बना चुका है. यहां का स्वाद, विविधता और किफायती व्यंजन न सिर्फ देशवासियों बल्कि विदेशी पर्यटकों को भी खूब पसंद आ रहे हैं. यही वजह है कि दिल्ली अब सिर्फ दिल वालों की नहीं, बल्कि स्वाद के दीवानों की भी पसंदीदा राजधानी बन चुकी है.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement