जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्टूबर को पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ का लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट होगा. कॉन्सर्ट के चलते स्टेडियम के आसपास दोपहर 1 बजे से रात 12 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 11 सड़कों पर प्रतिबंध और डायवर्जन की जानकारी दी है. पुलिस ने लोगों को मेट्रो से आने की सलाह दी है. राहत की बात यह है कि कॉन्सर्ट के लिए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं रात 12 बजे तक उपलब्ध रहेंगी.
11 सड़कों पर ट्रैफिक का असर, इन रास्तों पर संभलकर निकलें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कॉन्सर्ट के दौरान भीष्म पितामह मार्ग, लोधी रोड, लाला लाजपत राय मार्ग, आर्क बिशप मार्ग, फोर्थ एवेन्यू रोड और फिफ्थ एवेन्यू रोड पर यातायात प्रभावित हो सकता है.
इसके अलावा सीजीओ कॉम्प्लेक्स और JLN स्टेडियम की आंतरिक सड़कों, INA और जंगपुरा मेट्रो स्टेशनों के बीच बरापुल्ला फ्लाईओवर, गेट नंबर 2, दयाल सिंह कॉलेज रोड और लोधी कॉलोनी की आंतरिक सड़कों पर भी ट्रैफिक प्रतिबंध लागू रहेंगे.
पुलिस ने बनाए 6 मेन और 2 एक्स्ट्रा डायवर्जन पॉइंट
लाला लाजपत राय मार्ग: JLN स्टेडियम की तरफ आने वाले वाहनों को लोधी फ्लाईओवर की ओर भेजा जाएगा.
लोधी रोड-दयाल सिंह कॉलेज रेड लाइट: दयाल सिंह कॉलेज रोड पर वाहनों की एंट्री बंद रहेगी.
JLN रेड लाइट: भीष्म पितामह मार्ग से आने वाले वाहनों को मेहर चंद मार्केट की तरफ यू-टर्न लेना होगा.
कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट: गेट नंबर 3, 6 और 8 की तरफ जाने वाले वाहनों को फोर्थ एवेन्यू या अरबिंदो मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
पुलिस ने वाहन चालकों को संकेतकों और मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
कार से जाने का प्लान है? पार्किंग की व्यवस्था जान लें
स्टेडियम के आसपास आम लोगों के लिए पार्किंग की सुविधा नहीं होगी. पुलिस के मुताबिक, सुनहरी पुला बस डिपो और दयाल सिंह कॉलेज में पार्किंग की व्यवस्था केवल विशेष आमंत्रित लोगों के लिए है. इसलिए कॉन्सर्ट में जाने वाले लोग निजी वाहन से आने के बजाय मेट्रो का इस्तेमाल करें. इससे पार्किंग खोजने और जाम में फंसने की परेशानी से बचा जा सकता है.
मेट्रो से पहुंचना सबसे आसान
कॉन्सर्ट के लिए दिल्ली मेट्रो की सेवाएं 30 अक्टूबर को रात 12 बजे तक चलेंगी. स्टेडियम पहुंचने के लिए ये विकल्प इस्तेमाल कर सकते हैं:
वायलेट लाइन: JLN स्टेडियम या जंगपुरा मेट्रो स्टेशन पर उतरें. स्टेडियम के गेट नंबर 13, 14 और 17 के लिए ये स्टेशन उपयोगी रहेंगे.
येलो लाइन: INA या जोर बाग स्टेशन पर उतरकर आगे कैब ले सकते हैं. कुशक नाला बस डिपो रेड लाइट के रास्ते गेट नंबर 3, 6 और 8 की ओर पहुंचा जा सकता है.
कैब और ऑटो से जाने वालों के लिए भी तय पॉइंट
कैब और ऑटो से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए तीन पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट तय किए गए हैं. इनमें आर्क बिशप मार्ग, लाल मस्जिद-प्रगति विहार और कुशक नाला बस डिपो शामिल हैं. ड्राइवर से पहले ही पिक-अप या ड्रॉप की जगह तय कर लें, ताकि स्टेडियम के पास पहुंचकर परेशानी न हो.
ये भी पढ़ें: