Advertisement

उत्तराखंड में महिला की स्कूटी से टकराकर टूट गया विशालकाय हाथी का दांत, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

उत्तराखंड के खटीमा में एक निजी स्कूल की शिक्षिका, निकिता कापड़ी, जब अपने मायके से लौट रही थीं, तो अचानक जंगल से सड़क पर आए एक हाथी से उनकी स्कूटी टकरा गई. टक्कर इतनी अजीब और जोरदार थी कि हाथी का एक दांत स्कूटी में फंस गया और टूटकर तीन हिस्सों में बंट गया.

AI MADE IMAGE
gnttv.com
  • खटीमा,
  • 21 मई 2026,
  • अपडेटेड 9:53 PM IST

उत्तराखंड के खटीमा से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए. आपने हाथी की चिंघाड़ या हमले से लोगों के घायल होने की खबरें तो कई बार सुनी होंगी, लेकिन किसी महिला की स्कूटी से टकराने पर हाथी का दांत टूट जाए, ऐसा शायद ही कभी सुना हो. अब यह अजीब घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.

मायके से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, खटीमा की रहने वाली निकिता कापड़ी, जो एक निजी स्कूल में शिक्षिका हैं, सुबह अपने मायके से लौट रही थीं. इसी दौरान अचानक जंगल की तरफ से एक हाथी सड़क पर आ गया. इससे पहले कि निकिता कुछ समझ पातीं, उनकी स्कूटी हाथी से टकरा गई.

बताया जा रहा है कि टक्कर के दौरान हाथी का एक दांत स्कूटी में फंस गया और वह टूटकर तीन हिस्सों में बंट गया. वहीं हादसे में निकिता भी घायल होकर सड़क पर गिर गईं और बेहोश हो गईं.

महिला ने सुनाई पूरी आपबीती
घायल शिक्षिका निकिता कापड़ी ने बताया कि उन्हें सिर्फ इतना याद है कि अचानक सामने हाथी आ गया था और उनकी स्कूटी उससे टकरा गई. इसके बाद हाथी का दांत स्कूटी में फंस गया और वह नीचे गिरकर बेहोश हो गईं. होश आने के बाद उन्हें घटना की ज्यादा जानकारी नहीं थी. निकिता की शादी करीब दो महीने पहले ही हुई है. हादसे के बाद लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं.

राहगीरों ने पहुंचाई अस्पताल
घटना के बाद सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने घायल महिला को संभाला और अस्पताल पहुंचाने में मदद की. डॉक्टरों के मुताबिक, निकिता की हालत में अब काफी सुधार है, हालांकि उन्हें अभी कुछ दिन अस्पताल में रहना पड़ सकता है. लोग यह भी कह रहे हैं कि अगर हाथी ज्यादा गुस्से में होता, तो हादसा और गंभीर हो सकता था.

सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
हादसे के तुरंत बाद किसी ने घायल महिला और सड़क पर पड़े हाथी के टूटे दांत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया. निकिता के स्कूल के एमडी नीरज खन्ना ने भी इस घटना पर प्रतिक्रिया दी. उनका कहना है कि लोग लगातार फोन करके घटना की पुष्टि कर रहे हैं और यह सुनकर हैरान रह जाते हैं.

वन विभाग क्या कह रहा?
वन विभाग के रेंजर हरीश सिंह बिष्ट के मुताबिक, संभावना है कि हाथी ने गुस्से में स्कूटी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की होगी, उसी दौरान उसका दांत टूट गया. वन विभाग का कहना है कि हाथी घायल नहीं हुआ है, लेकिन उसका दांत जरूर टूटा है. अब हाथी को खोजने के लिए जंगल में कैमरे लगाए गए हैं, ताकि उसे ट्रेस कर इलाज कराया जा सके.

(रिपोर्ट- राजेश छाबड़ा)

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement