हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी अपनी ऊंचाई, पहाड़ी रास्तों और खूबसूरत लेकिन चुनौतीपूर्ण सफर के लिए जानी जाती है. यहां पहुंचना हर ट्रेवलर का सपना है, लेकिन हर किसी के लिए आसान भी नहीं है. यही वजह है कि जब दो विदेशी पर्यटक ऐसी ही ऊंचाई और मुश्किल रास्तों पर ऑटो लेकर सफर करते नजर आए, तो उनका वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने लगा.
जहां थार-फॉर्च्यूनर वाले भी सोचते हैं, वहां ऑटो पहुंचा
हाल ही में सोशल मीडिया पर दो विदेशी पर्यटकों का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो की सबसे खास बात यह है कि जिन रास्तों पर थार और फॉर्च्यूनर जैसी गाड़ियों से जाने से पहले भी लोग दो बार सोचते हैं, वहीं ये दोनों विदेशी पर्यटक ऑटो लेकर पहुंच गए. पहाड़ों के ऊंचे और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर ऑटो से उनका सफर देखकर लोग हैरान रह गएं.
इंग्लैंड से आए हैं दोनों टूरिस्ट
दरअसल, ऑटो में सवार होकर भारत घूमने निकले इंग्लैंड के इन दोनों पर्यटकों का वीडियो एक भारतीय सोलो ट्रैवलर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है. भारतीय ट्रैवलर ने बताया कि सफर के दौरान उनकी मुलाकात इन दोनों विदेशी ट्रैवलर्स से हुई, जो ऑटो में सवार होकर आगे बढ़ रहे थे. उन्होंने बताया कि इंग्लैंड से आए ये दोनों पर्यटक स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों तक ऑटो से पहुंच चुके हैं. जिन रास्तों पर बाइक या कार से जाने में भी कई बार लोग सोचते हैं, उन्हीं रास्तों पर दोनों पूरे आत्मविश्वास के साथ ऑटो चलाकर सफर कर रहे थे.
मनाली से होते हुए पहुंचे स्पीति
भारतीय ट्रैवलर ने जब दोनों पर्यटकों से उनके सफर के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि वे ऑटो से जैसलमेर जा रहे हैं. दोनों मनाली की ओर से होते हुए स्पीति के ऊंचाई वाले इलाकों तक पहुंचे और अब इसी ऑटो से आगे जैसलमेर की तरफ बढ़ रहे हैं. दोनों पर्यटकों का यह अंदाज भारतीय ट्रैवलर को भी हैरान कर गया. पहाड़ों के मुश्किल रास्तों पर ऑटो से उनका सफर अपने आप में लोगों के लिए चर्चा का विषय बन गया है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग इस अनोखे सफर को लेकर दिलचस्पी दिखा रहे हैं.
ये भी पढ़ें