Advertisement

यूपी के फतेहपुर से पकड़े गए 5 रियल लाइफ मुन्ना भाई, इस तरह कर रहे थे परीक्षा में धांधली

परीक्षा के बीच फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने एक गिरोह को पकड़ा है, जो दूसरे छात्रों की जगह बैठकर हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की गणित की परीक्षा दे रहे थे.

यूपी बोर्ड
gnttv.com
  • फतेहपुर,
  • 27 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 8:51 PM IST

यूपी के फतेहपुर जिले में बोर्ड परीक्षा के दौरान फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच मुन्नाभाई को पकड़ा है. ये सभी परीक्षार्थी दूसरे छात्रों की जगह बैठकर हाईस्कूल-इंटरमीडिएट की गणित की परीक्षा दे रहे थे. यह मामला प्रथम पाली की परीक्षा के दौरान सामने आया. फ्लाइंग स्क्वॉड की इस कार्रवाई से परीक्षा केंद्र पर हड़कंप मच गया.

डीआईओएस फतेहपुर राकेश सिंह ने बताया कि विभाग को पहले ही सूचना मिली थी कि कुछ छात्र दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले हैं. सूचना मिलने के बाद संबंधित परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए. इसके बाद पंडित दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज, दानियालपुर में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जहां पांच परीक्षार्थी संदिग्ध पाए गए. पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे दूसरे छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे.

तीन अलग-अलग स्कूलों से जुड़े हैं मामले
जांच में पता चला कि पकड़े गए पांचों मुन्नाभाई अलग-अलग स्कूलों के छात्रों की जगह परीक्षा दे रहे थे. इनमें एक छात्र ओपी यादव इंटर कॉलेज का, दो छात्र मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज के और दो छात्र आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर, बहरामपुर के थे.

पकड़े गए लोगों में रवि, ओपी इंटर कॉलेज के छात्र आशिफ की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया. वहीं मेवाराम विद्या ज्ञान इंटर कॉलेज के छात्र अफजल की जगह गणेश और शिवकुमार की जगह लक्ष्मण परीक्षा दे रहे थे. इसी तरह आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीतापुर के छात्र गुलाम वारिश की जगह युवराज और सौरभ की जगह प्रदीप परीक्षा देते हुए पकड़े गए. बताया जा रहा है कि कुछ एडमिट कार्ड में परीक्षा देने वाले मुन्नाभाई की ही फोटो लगी हुई थी.

पुलिस को सौंपे गए आरोपी, होगी सख्त कार्रवाई
डीआईओएस के अनुसार पकड़े गए सभी परीक्षार्थियों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है. पूछताछ में कुछ लोगों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके कहने पर ये छात्र परीक्षा देने बैठे थे. इनमें ज्ञानेंद्र कुमार श्रीवास्तव और मनोज कुमार का नाम सामने आया है.

अधिकारियों ने बताया कि जिन विद्यालयों से ये छात्र पंजीकृत थे, उनकी मान्यता रद्द करने की कार्रवाई भी की जाएगी. साथ ही संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

(रिपोर्ट- नीतेश श्रीवास्तव)

ये भी पढ़ें 

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement