बिजनौर शहर के नगर पालिका चौक के पास का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो युवक एक-दूसरे से जमकर मारपीट करते नजर आ रहे हैं. दरअसल, एक महिला एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर नगर पालिका चौक के पास पहुंची थी. इसी दौरान पीछे से एक अन्य मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे. उनमें से एक युवक ने महिला को अपनी पत्नी बताते हुए उसके साथ मौजूद युवक पर आपत्ति जताई. उसने आरोप लगाया कि महिला उसकी पत्नी है और उसके बावजूद वह किसी दूसरे युवक के साथ घूम रही है. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई, जो देखते-देखते गाली-गलौज में बदल गई.
बताया जा रहा है कि बाद में पहुंचे युवक ने यह भी कहा कि महिला उसकी पत्नी है और उनके बीच पारिवारिक विवाद चल रहा है. हालांकि दोनों का अब तक तलाक नहीं हुआ है. वहीं महिला ने मौके पर मौजूद लोगों के सामने यह दावा किया कि वह जिस युवक के साथ है, वही उसका पति है. दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के कारण विवाद और बढ़ गया.
गाली-गलौज के बाद दोनों युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इसी दौरान एक युवक ने दूसरे पर बेल्ट से हमला भी किया. मारपीट सड़क पर होने के कारण वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन गुस्से में आए युवक किसी की सुनने को तैयार नहीं थे.
इसी बीच वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला शहर में चर्चा का विषय बन गया है. काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थिति धीरे-धीरे शांत हुई और दोनों युवक मौके से चले गए. फिलहाल मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया पर लगातार वायरल हो रहा है. पुलिस की ओर से इस मामले में अभी तक किसी आधिकारिक कार्रवाई या शिकायत की पुष्टि नहीं की गई है.
रिपोर्टर: संजीव शर्मा
ये भी पढ़ें: