Bengaluru Metro
Bengaluru Metro
अगर आप बेंगलुरु मेट्रो से रोज़ाना सफर करते हैं, तो यह खबर आपके लिए ज़रूरी है. 9 फरवरी 2026 से नम्मा मेट्रो में सफर करना थोड़ा महंगा हो जाएगा. बैंगलोर मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMRCL) ने सालाना किराया संशोधन लागू करने का ऐलान किया है, जिसके तहत यात्रियों को दूरी के अनुसार 1 से 5 रुपए तक अतिरिक्त किराया देना होगा.
यह बढ़ोतरी फर्स्ट फेयर फिक्सेशन कमेटी (FFC) की सिफारिशों के आधार पर की जा रही है. समिति ने सुझाव दिया था कि किराए में हर साल मामूली बढ़ोतरी की जाए, ताकि एक बार में बड़ा बोझ न पड़े. BMRCL के मुताबिक, इस व्यवस्था से यात्रियों को अचानक झटका नहीं लगता और मेट्रो किराया लंबे समय तक स्थिर और अनुमानित बना रहता है. पिछली बार किराया 9 फरवरी 2025 को बढ़ाया गया था, और ठीक एक साल बाद यह अगला संशोधन किया जा रहा है.
10 जोन में बंटा नम्मा मेट्रो नेटवर्क
करीब 96.10 किलोमीटर लंबे नम्मा मेट्रो नेटवर्क को 10 किराया जोन में बांटा गया है. नए नियमों के तहत सभी जोन में हल्की-फुल्की बढ़ोतरी की गई है. उदाहरण के तौर पर, 2 किलोमीटर तक का सफर अब 10 रुपए की जगह 11 रुपए में होगा, जबकि 25 से 30 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी के लिए किराया 90 रुपए से बढ़कर 95 रुपए कर दिया गया है.
दूरी के हिसाब से नए किराए
नई दरों के अनुसार, 2 से 4 किलोमीटर की यात्रा के लिए 21 रुपए, 8 से 10 किलोमीटर के लिए 53 रुपए और 20 से 25 किलोमीटर के सफर के लिए 84 रुपए चुकाने होंगे. इसी तरह, 15 से 20 किलोमीटर की दूरी पर किराया 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए हो गया है.
टूरिस्ट और ग्रुप टिकट भी होंगे महंगे
सिर्फ सामान्य टिकट ही नहीं, बल्कि टूरिस्ट कार्ड और ग्रुप टिकट की कीमतों में भी करीब 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की गई है. एक दिन का टूरिस्ट डे पास स्मार्ट कार्ड पर अब 313 रुपए का होगा, जबकि मोबाइल QR टिकट 263 रुपए में मिलेगा. तीन दिन और पांच दिन के पास की कीमतों में भी इसी अनुपात में इजाफा किया गया है.