scorecardresearch

Delhi Airport: परिवार संग यात्रा करने वालों के लिए खास सुविधाएं, शुरू की गई नई पहल.. नहीं लगेगा एक भी रुपया एक्स्ट्रा

ल्ली हवाई अड्डे की ऑपरेटर कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटिड ने 'Family@DEL' नाम से यह नई सुविधा शुरू की है. इस पहल का मकसद परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों को भीड़-भाड़ से राहत देना और एयरपोर्ट पर उनका समय बचाना है.

Representative Image Representative Image

परिवार के साथ हवाई सफर करना अक्सर थोड़ा मुश्किल भरा अनुभव बन जाता है. इसके पीछे की वजह है बच्चों की देखभाल, बुजुर्गों का ध्यान, भारी सामान और लंबी कतारों को एकसाथ संभालना. ये सभी चीजें यात्रा के तनाव को बढ़ा देती हैं. यात्रियों की इन्हीं परेशानियों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली हवाई अड्डे ने एक खास और यात्रियों के अनुकूल पहल की शुरुआत की है, जिससे अब परिवारों को पहले से कहीं ज्यादा सुविधा और आराम मिलेगा.

दिल्ली हवाई अड्डे की ऑपरेटर कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटिड ने 'Family@DEL' नाम से यह नई सुविधा शुरू की है. इस पहल का मकसद परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों को भीड़-भाड़ से राहत देना और एयरपोर्ट पर उनका समय बचाना है. इसके तहत एयरपोर्ट के तीनों टर्मिनल पर परिवारों के लिए अलग और खास एंट्री गेट बनाए गए हैं.

अलग चेक-इन काउंटर तैयार
नई व्यवस्था के तहत जिन यात्रियों के साथ बच्चे या बुजुर्ग हैं, उन्हें आम यात्रियों की लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी. परिवारों के लिए अलग चेक-इन काउंटर और सिक्योरिटी चेक के दौरान प्रायोरिटी लेन की सुविधा दी गई है. इससे सुरक्षा जांच जल्दी पूरी होगी और यात्रियों को बार-बार लाइन बदलने की परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी.

फूड कोर्ट में भी खास इंतजाम
सिर्फ एंट्री और सिक्योरिटी ही नहीं, बल्कि एयरपोर्ट के फूड कोर्ट में भी परिवारों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था की गई है. यहां यात्री सफर से पहले आराम से परिवार के साथ बैठकर भोजन कर सकते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को भीड़ में असहजता महसूस न हो. यह सुविधा खास तौर पर लंबी उड़ानों से पहले यात्रियों को राहत देने के लिए बनाई गई है.

शुरू की गई बग्गी सर्विस
जो यात्री चलने-फिरने में असहज हैं या जिन्हें अतिरिक्त सहायता की जरूरत होती है, उनके लिए बग्गी सर्विस की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. इस सेवा के जरिए यात्री टर्मिनल से सीधे अपने बोर्डिंग गेट तक आसानी से पहुंच सकते हैं. इससे बुजुर्गों और छोटे बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को काफी सहूलियत मिलेगी.

परिवार के साथ सफर करने वाले यात्रियों, जिनमें छोटे बच्चे वाले, बुजुर्ग या जिनकी चलने-फिरने की क्षमता सीमित है , उनके लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर कई सुविधाएं होंगी. इनमें मुफ्त बेबी स्ट्रॉलर, प्राइवेट बेबी केयर रूम, खास ट्रेनिंग पाए हुए फैमिली असिस्टेंस बडीज शामिल हैं, जो पूरे सफर के दौरान परिवारों को गाइड और सपोर्ट करेंगे. 

नहीं लगेगा एक भी रुपया एक्स्ट्रा
जानकारी के अनुसार, 'Family@DEL' पहल के तहत दी जा रही सभी सुविधाएं पूरी तरह मुफ्त हैं. इसके लिए न तो किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क देना होगा और न ही पहले से रजिस्ट्रेशन कराने की जरूरत पड़ेगी. खास एंट्री गेट्स पर मौजूद स्टाफ यात्रियों को सही दिशा और सुविधा का लाभ उठाने में मदद करेगा.