Advertisement

पाने थे वीडियो पर लाइक, तो डाली जान खतरे में... और लटक गए हजार फीट गहरी चट्टान से

अक्सर रील पर लाइक और व्यू पाने के लिए लोग कई बार ऐसे स्टंट कर बैठते है, जो उनकी जान को खतरे में डाल सकते हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है जहां लोग 1000 फुट गहरी खाई पर लटक कर वीडियो बनवा रहे हैं.

चट्टान से लटकते हुए
सुनील जोशी
  • सवाई माधोपुर,
  • 07 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 10:34 AM IST

सवाई माधोपुर में सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज बटोरने के लिए जान जोखिम में डालकर रील बनाने वालों पर अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. छाण कस्बे की पहाड़ी पर करीब एक हजार फीट गहरी खाई के ऊपर झूलती चट्टान पर स्टंट कर रील बनाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई. पुलिस ने इस खतरनाक जगह पर रील बनाने वाले दो युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है.

हजार फीट गहरी खाई पर बना रहे रील

सवाई माधोपुर के छाण कस्बे की पहाड़ी पर रील बनाने का जुनून युवाओं पर इस कदर हावी हुआ कि उन्होंने अपनी जान तक जोखिम में डाल दी. वह करीब एक हजार फीट गहरी खाई के ऊपर झूलती चट्टान पर पहुंचकर तरह-तरह के स्टंट करते हुए रील बना रहे थे. कोई चट्टान से लटककर वीडियो बना रहा था तो कोई खतरनाक अंदाज में खाई के मुहाने पर खड़ा होकर रील शूट कर रहा था.

हुए ऐसे वायरल कि मिली पुलिस

रील बनाने के लिए युवाओं की भीड़ पहाड़ी पर पहुंचने लगी तो ग्रामीणों ने भी उन्हें समझाने का प्रयास किया. लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज पाने का जुनून युवाओं पर भारी पड़ा. खतरनाक चट्टान पर बनाए गए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए तो मामला पुलिस तक पहुंच गया.

इसके बाद छाण चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुमनपुरा निवासी जितेंद्र सैनी और छाण निवासी नरेंद्र सैनी को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने अब इस खतरनाक चट्टान पर युवाओं की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी है और यहां पुलिस को भी तैनात किया गया है.

लाइक के लिए नहीं डालने देंगे जान खतरे में

पुलिस का कहना है कि चट्टान बेहद खतरनाक है और यहां जरा सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है. ऐसे में हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया है. पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि महज लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डालकर ऐसी जगहों पर रील न बनाएं.

सोशल मीडिया पर कुछ सेकंड की सनसनी के लिए जिंदगी को दांव पर लगाने वालों पर अब पुलिस की नजर है. पुलिस की सख्ती का मकसद साफ है कि रील बने या न बने, लेकिन किसी की जिंदगी खतरे में नहीं पड़नी चाहिए.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement