Advertisement

Banshidhar Temple History: रानी को मिला था स्वप्न, खुदाई में निकली 32 मन सोने की अलौकिक प्रतिमा! जानें श्री बंशीधर धाम का अनोखा इतिहास

झारखंड के पश्चिमी छोर पर स्थित गढ़वा जिले में पवित्र बांकी (राधा रानी) नदी के तट पर बसे श्री बंशीधर नगर की पहचान भगवान श्री बंशीधर जी के दिव्य धाम के रूप में होती है. यहां श्री राधा रानी के साथ भगवान श्री बंशीधर जी की त्रिभंगी मुद्रा में विराजमान 32 मन शुद्ध सोने की मनमोहक, अद्भुत और अलौकिक प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है.

Banshidhar Temple History
चंदन कुमार कश्यप
  • गढ़वा,
  • 01 सितंबर 2026,
  • अपडेटेड 11:40 AM IST

शेषनाग पर कमल पुष्प में विराजमान हैं भगवान बंशीधर जिले के श्री बंशीधर नगर में स्थित यह वही मंदिर है, जो पूरे विश्व में विख्यात है. भगवान श्री बंशीधर जी शेषनाग के ऊपर कमल पुष्प पर त्रिभंगी यानी बांके स्वरूप में वंशीवादन करते हुए विराजमान हैं. उनकी अनुपम छवि को देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठते हैं.

मान्यता है कि भगवान श्री बंशीधर स्वयं इस धरती पर आकर विराजमान हुए. उनके आगमन के बाद विधि-विधान से प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कर मंदिर का निर्माण कराया गया. भगवान के स्वयं यहां पधारने की मान्यता के कारण श्री बंशीधर नगर को योगेश्वर श्रीकृष्ण की भूमि तथा इस पावन धरती को द्वितीय मथुरा-वृंदावन के रूप में भी श्रद्धा से देखा जाता है.

रानी शिवमानी देवी को स्वप्न में हुए भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन
जानकारों के अनुसार लगभग दो सौ वर्ष पूर्व राजा स्वर्गीय भवानी सिंह देव के निधन के बाद उनकी धर्मपरायण पत्नी रानी शिवमानी देवी राजकाज संभाल रही थीं. रानी भगवान श्रीकृष्ण की अनन्य भक्त थीं. जन्माष्टमी के व्रत के दौरान 14 अगस्त 1827 की मध्यरात्रि में उन्हें स्वप्न में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य दर्शन हुए. भगवान ने रानी से वर मांगने को कहा. रानी ने अपने लिए कुछ मांगने के बजाय केवल भगवान की कृपा सदैव बनी रहने की प्रार्थना की.

शिव पहाड़ी में दबी थी भगवान की प्रतिमा
तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें कनहर नदी के किनारे महुअरिया के समीप शिव पहाड़ी में अपनी प्रतिमा के दबे होने की जानकारी दी और उसे अपने राज्य में लाने का निर्देश दिया. इसे भगवान की कृपा मानकर रानी शिवमानी कुंवर ने शिव पहाड़ी पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना कर खुदाई कराई. खुदाई के दौरान भगवान श्री बंशीधर जी की अद्वितीय और असाधारण प्रतिमा प्राप्त हुई.

हाथी के अचानक बैठ जाने के बाद उसी जगह बना मंदिर
भगवान की प्रतिमा को हाथियों पर रखकर श्री बंशीधर नगर लाया जा रहा था. बताया जाता है कि गढ़ के मुख्य द्वार पर पहुंचते ही प्रतिमा को लेकर चल रहा अंतिम हाथी अचानक बैठ गया. लाख प्रयास के बावजूद हाथी वहां से नहीं उठा. इस घटना को भगवान की इच्छा मानते हुए रानी ने राजपुरोहितों से विचार-विमर्श किया और उसी स्थान पर मंदिर निर्माण कराने का निर्णय लिया.

21 जनवरी 1828 को हुई राधा रानी की स्थापना
इसके बाद वाराणसी से श्री राधा रानी की अष्टधातु की प्रतिमा मंगाई गई और 21 जनवरी 1828 को भगवान श्री बंशीधर जी के साथ उनकी विधिवत स्थापना कराई गई. आज श्री बंशीधर मंदिर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. मंदिर में विराजमान योगेश्वर श्रीकृष्ण की वंशीवादन करती दिव्य प्रतिमा की ख्याति दूर-दूर तक फैली है. इसी कारण यह पावन स्थल श्री बंशीधर धाम के नाम से भी प्रसिद्ध है.

यहां आने वाले श्रद्धालु श्री राधा-बंशीधर जी की मनमोहिनी छवि के दर्शन कर स्वयं को धन्य मानते हैं. आस्था रखने वाले भक्तों का विश्वास है कि श्री राधा बंशीधर जी युगल सरकार अपने दरबार में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की मनोकामना पूरी करते हैं. यहां के कण-कण में राधा और कृष्ण की भक्ति का भाव अनुभव किया जा सकता है.

जन्माष्टमी पर और बढ़ जाती है भगवान श्री बंशीधर की महत्ता
जन्माष्टमी को लेकर श्री बंशीधर भगवान की महत्ता तब और बढ़ जाती है, जब वृंदावन की रासलीला और अयोध्या से पधारे आचार्य के द्वारा कथा का श्रवण कराया जाता है. मंदिर के ट्रस्टी सह नगर गढ़ के राजा ने कहा कि हर वर्ष हम लोग इस पर्व को विशेष तौर पर मनाते हैं और यहां देश के विभिन्न राज्यों से लोग आते हैं, जो दर्शन मात्र से ही मनोकामना पूर्ण हो जाती है. हम लोग सरकार से इसे कॉरिडोर बनाने की मांग करते हैं.

वहीं, वरिष्ठ पत्रकार ने कहा कि यह नगर श्री बंशीधर की नगरी है. हम लोग सौभाग्यशाली हैं कि भगवान के चरण हमारे यहां पड़े हैं. यह भगवान साक्षात हैं. वृंदावन के बाद गढ़वा में इसकी विशेष महत्ता है.

वहीं, मंदिर के संरक्षक, नगर गढ़ के सदस्य सह जेएमएम विधायक ने कहा कि हम भगवान की भूमि को किस तरह विकसित करें, इसे लेकर हम लोग बैठकर बात करेंगे. निश्चित तौर पर बहुत जल्द रिजल्ट आपके सामने होगा.
 

ये भी पढ़ें

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Advertisement