अगर आप भी छुट्टियों में ऑनलाइन होटल बुक करने के लिए सिर्फ Google पर दिख रही वेबसाइटों पर भरोसा करते हैं, तो यह खबर आपके लिए चेतावनी है. ग्वालियर में सेना अधिकारी की पत्नी फर्जी होटल वेबसाइट के झांसे में आ गईं और एडवांस बुकिंग के नाम पर साइबर ठगों ने उनसे करीब 50 हजार रुपये ठग लिए. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
Google पर होटल सर्च करना पड़ा भारी
मामला ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित एसबी कॉलोनी का है. पीड़िता जूही पांडेय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने परिवार के साथ दिल्ली और आगरा घूमने का प्लान बनाया था. यात्रा के दौरान ठहरने के लिए उन्होंने Google पर होटल सर्च किया. सर्च रिजल्ट में उन्हें 'कटोई बाग मेरियट' नाम से एक वेबसाइट दिखाई दी, जिसे उन्होंने असली होटल की वेबसाइट समझ लिया.
वेबसाइट पर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को होटल का मैनेजर 'हरीश अग्रवाल' बताया. उसने पांच दिन के ठहरने का किराया करीब 50 हजार रुपये बताया और बुकिंग कन्फर्म करने के लिए एडवांस जमा करने को कहा. आरोपी ने अलग-अलग यूपीआई आईडी भेजीं, जिन पर जूही पाण्डेय ने तीन किस्तों में करीब 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए.
रसीद मांगते ही ब्लॉक कर दिया नंबर
पैसे भेजने के बाद जब पीड़िता ने बुकिंग की रसीद और कन्फर्मेशन मांगा, तो आरोपी ने उनका नंबर ब्लॉक कर दिया. इससे उन्हें शक हुआ. इसके बाद उन्होंने होटल का आधिकारिक नंबर तलाश कर संपर्क किया. होटल की ओर से बताया गया कि उनके नाम से कोई बुकिंग नहीं हुई है और जिस वेबसाइट के जरिए भुगतान किया गया, वह फर्जी है. ठगी का एहसास होने के बाद पीड़िता ने मुरार थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. साथ ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं.
ऑनलाइन होटल बुकिंग करते समय रखें ये सावधानियां
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि होटल बुकिंग करते समय केवल होटल की आधिकारिक वेबसाइट या भरोसेमंद ट्रैवल प्लेटफॉर्म का ही इस्तेमाल करें. Google पर दिखने वाली हर वेबसाइट पर आंख बंद करके भरोसा न करें. भुगतान करने से पहले वेबसाइट, मोबाइल नंबर और होटल की जानकारी की अच्छी तरह जांच जरूर करें, ताकि इस तरह की साइबर ठगी से बचा जा सके.
ये भी पढ़ें: